बिहार विधानसभा के दागदार विधायक, बीजेपी के हर दूसरे MLA पर आपराधिक मामले, JDU-RJD के इतने माननीयों पर क्रिमिनल केस, आंकड़ा देख चौंक जाएंगे...

Bihar Politics: बिहार विधानसभा के 243 विधायकों का नाम सबके सामने है। चुनाव परिणाम के बाद विधायकों को लेकर कई चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। 243 में से 130 विधायकों पर क्रिमिनल केस दर्ज है।

बिहार विधानसभा के दागदार विधायक- फोटो : social media

Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए को 202 सीटों पर बड़ी जीत मिली है, लेकिन नई विधानसभा की तस्वीर कई गंभीर सवाल खड़ी करती है। 243 में से 130 (53%) चुने गए विधायकों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से 102 (42%) पर हत्या, अपहरण और अन्य गंभीर अपराधों के आरोप हैं। छह विधायकों पर महिलाओं के खिलाफ अपराध के केस भी चल रहे हैं।

पार्टीवार अपराध के आंकड़े

चुनाव परिणामों के बाद जारी रिपोर्ट के अनुसार भाजपा के 89 में से 54 विधायक आपराधिक मामलों का सामना कर रहे हैं। जदयू के 85 में से 31 विधायक केसदार हैं। राजद के 25 में से 18 विधायकों पर अपराध के मामले दर्ज हैं। नई विधानसभा में NDA के 6 विधायक हत्या के आरोपी हैं, जिनमें भाजपा और जदयू के तीन-तीन विधायक शामिल हैं। वहीं महिलाओं से जुड़े अपराधों में भी NDA के छह विधायक आरोपी पाए गए हैं। गंभीर अपराधों की बात करें तो भाजपा के 43, जदयू के 23 और राजद के 14 विधायक ऐसे मामलों में आरोपी हैं।

जातीय समीकरण

नई विधानसभा में जातीय प्रतिनिधित्व इस प्रकार उभरकर आया है। राजपूत: 32 विधायक (सबसे अधिक), यादव: 26, भूमिहार: 25 और मुस्लिम विधायक 11 हैं। यही नहीं विधानसभा में करोड़पतियों की भी भरमार है। वित्तीय विवरणों से पता चलता है कि इस बार करोड़पति विधायकों की संख्या रिकॉर्ड स्तर पर है। भाजपा के 77, जदयू के 78, कांग्रेस के सभी 6 और हम के 80% विधायक करोड़पति हैं। कुल 243 में से 152 विधायक (62%) ग्रेजुएट या इससे ऊपर की शैक्षणिक योग्यता रखते हैं।

बाहुबली और चर्चित चेहरे भी जीते

जदयू के उम्मीदवार और बाहुबली नेता अनंत सिंह ने मोकामा से जेल में रहते हुए जीत हासिल की। चुनाव से पहले उन्हें दुलारचंद यादव हत्याकांड में गिरफ्तार किया गया था। इसी तरह कुचायकोट के जदयू उम्मीदवार अमरेंद्र पांडेय और अन्य बाहुबली परिवारों से जुड़े कई नेता भी विधानसभा पहुंचे हैं।

ADR और MyNeta के आंकड़ों में गड़बड़ी

विधायकों के आपराधिक रिकॉर्ड को लेकर दो प्रमुख स्रोतों ADR/द हिंदू और MyNeta के आंकड़ों में गंभीर विरोधाभास सामने आया है। कुचायकोट के जदयू विधायक अमरेंद्र पांडेय के खिलाफ ADR की रिपोर्ट में सिर्फ 1 गंभीर मामला, जबकि MyNeta के अनुसार 4 हत्या और 4 हत्या के प्रयास सहित 8 गंभीर आरोप दर्ज हैं। इसी तरह साहेबगंज के भाजपा विधायक राजू कुमार सिंह के खिलाफ ADR ने 0 गंभीर मामले बताए हैं, जबकि MyNeta में जबरन वसूली के लिए चोट पहुंचाने का गंभीर मामला दर्ज है।