गंगा स्नान के दौरान डूबा किशोर : तलाश में जुटे गोताखोर, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

गंगा स्नान के दौरान डूबा किशोर- फोटो : प्रिय दर्शन

Patna : पटना जिले के मोकामा थाना क्षेत्र अंतर्गत तपस्वी स्थान, मोलदियार टोला के पास सोमवार दोपहर गंगा नदी में स्नान करने के दौरान एक 12 वर्षीय किशोर गहरे पानी में चले जाने से डूब गया। इस अचानक हुए हादसे के बाद गंगा घाट पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुँच गई तथा नदी के तेज बहाव और गहरे पानी में डूबे किशोर की तलाश हेतु रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया।


तीन दोस्तों के साथ स्नान करने गया था 12 वर्षीय आदित्य 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डूबने वाले किशोर की पहचान मोकामा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 18 निवासी स्वर्गीय जुगनू दास के 12 वर्षीय पुत्र आदित्य के रूप में की गई है। परिजनों ने बताया कि सोमवार की दोपहर करीब 2 बजे आदित्य अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ गंगा नदी में स्नान करने के लिए गया हुआ था। स्नान करने के दौरान संतुलन बिगड़ने या गहराई का अंदाजा न होने के कारण आदित्य अनजाने में गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।


दोस्तों ने घर पहुँचकर दी घटना की सूचना, मचा कोहराम 

साथ मौजूद दोस्तों ने आदित्य को डूबते देख उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव और गहराई अधिक होने के कारण वे असफल रहे। इसके बाद साथ गए दो दोस्तों ने तुरंत घर पहुँचकर परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। आदित्य के डूबने की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और रोते-बिलखते परिजन व भारी संख्या में ग्रामीण दौड़कर गंगा घाट की ओर पहुँचे। घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।


नगर परिषद अध्यक्ष और पुलिस ने गोताखोरों को खोजबीन में लगाया 

घटना के संबंध में मोकामा नगर परिषद के अध्यक्ष निलेश कुमार माघो ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही तुरंत स्थानीय गोताखोरों की टीम को सक्रिय कर दिया गया है। गोताखोरों की मदद से गंगा के गहरे पानी में किशोर की सघन तलाश कराई जा रही है। इसके साथ ही मोकामा पुलिस की टीम भी मौके पर कैंप कर रही है और स्थानीय गोताखोरों व नावों के सहयोग से खोजबीन अभियान में लगातार जुटी हुई है।


परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, इलाके में छाया मातम 

नदी में काफी समय बीत जाने के बाद भी किशोर का कोई सुराग न मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के प्रबुद्ध लोग और स्थानीय जनप्रतिनिधि पीड़ित परिजनों को ढांढस बंधाने में लगे हुए हैं। स्थानीय प्रशासन ने बताया कि जब तक किशोर की बरामदगी नहीं हो जाती, तब तक सर्च ऑपरेशन अनवरत जारी रहेगा। इस दुखद घटना के बाद से ही पूरे मोलदियार टोला और आसपास के इलाकों में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।


प्रिय दर्शन की रिपोर्ट