कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में मनाई गई पूर्व सीएम भोला पासवान शास्त्री की जयंती, 'भारत रत्न' देने की केन्द्र सरकार से मांग

कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में  मनाई गई पूर्व सीएम भोला प
सदाकत आश्रम में मनाई गई पूर्व सीएम भोला पासवान शास्त्री की जयंती- फोटो : रिपोर्टर


Patna : राजधानी पटना स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अनुसूचित जाति विभाग की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री एवं महान स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय भोला पासवान शास्त्री का जयंती समारोह गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी (AICC) के अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। अपने संबोधन में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री के जीवन, सामाजिक संघर्ष और न्याय के प्रति उनके ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि वंचित समाज को अधिकार और समान अवसर दिलाने की लड़ाई आज भी जारी रखने की आवश्यकता है।


शिक्षा, सामाजिक न्याय और निजीकरण के मुद्दों पर केंद्र सरकार पर निशाना 

समारोह को संबोधित करते हुए राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि लंबे समय तक समाज के एक बड़े वर्ग को ज्ञान और आर्थिक संसाधनों से दूर रखा गया, जिसका प्रभाव आज भी देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के बिना वंचित समाज अपने संवैधानिक अधिकारों को प्राप्त नहीं कर सकता। सार्वजनिक क्षेत्र के संस्थानों के निजीकरण पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया और आरोप लगाया कि देश के संसाधनों को निजी हाथों में सौंपने से आम जनता व पिछड़े वर्गों के हित गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं।


भोला पासवान शास्त्री को भारत रत्न और आदमकद प्रतिमा लगाने की मांग 

कार्यक्रम में अनुसूचित जाति विभाग के नेता रबींद्र कुमार पासवान ने पूर्व मुख्यमंत्री के प्रशासनिक व सामाजिक योगदान को नई पीढ़ी तक पहुँचाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने राज्य व केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि स्वर्गीय भोला पासवान शास्त्री को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' से नवाजा जाए, उनके नाम पर एक भव्य संग्रहालय का निर्माण हो तथा राजधानी के प्रमुख चौराहे पर उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाए। रबींद्र पासवान ने घोषणा की कि इन मांगों के समर्थन में जल्द ही व्यापक हस्ताक्षर अभियान शुरू किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर चरणबद्ध आंदोलन भी चलाया जाएगा।


वृद्धावस्था पेंशन व छात्रवृत्ति जैसे ऐतिहासिक फैसलों का स्मरण 

रविंद्र कुमार पासवान ने स्वर्गीय शास्त्री जी के कार्यकाल के दौरान लिए गए जन कल्याणकारी निर्णयों का स्मरण कराते हुए कहा कि राज्य में सबसे पहले वृद्धावस्था पेंशन योजना की शुरुआत और आदिवासी विद्यार्थियों के लिए विशेष छात्रवृत्ति योजना जैसे क्रांतिकारी कदम उन्हीं की देन थे। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम और पूर्व विधायक प्रतिमा दास ने दलितों एवं शोषितों के अधिकारों की रक्षा हेतु बनाए गए कानूनों के क्रियान्वयन पर बल दिया और कहा कि वर्तमान शासनकाल में सामाजिक न्याय की अवहेलना की जा रही है, जिसके खिलाफ समाज को एकजुट होना होगा।


सादगी और सिद्धांतों के प्रतीक शास्त्री जी के विचारों को बढ़ाने का संकल्प 

कार्यक्रम में बिहार विधान परिषद सदस्य (MLC) डॉ. मदन मोहन झा ने भोला पासवान शास्त्री को असाधारण सादगी, ईमानदारी और उच्च व्यक्तित्व का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि उनके विचारों और आदर्शों को समाज में आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर शशि पंडित, एसपी लवाना, पटना जिलाध्यक्ष प्रद्युम्न पासवान, सत्यनारायण, मुरारी पासवान और प्रदीप पासवान सहित कई अन्य नेताओं ने भी अपने विचार रखे। समारोह में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं व अनुसूचित जाति विभाग से जुड़े पदाधिकारियों ने भाग लिया।


रोहित की रिपोर्ट