मुजफ्फरपुर में खाकी हुई 'खूनी'? दरोगा पर किसान की हत्या का आरोप और सरकार देने जा रही मेडल! तेजस्वी के खुलासे से हड़कंप

मुजफ्फरपुर के गायघाट में एक किसान की हत्या के बाद बिहार की राजनीति में भूचाल आ गया है। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया है कि हत्यारोपी दरोगा राजा सिंह को नीतीश सरकार मेडल देने वाली है। आखिर क्या है उस मेडल लिस्ट का सच? पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

  • Patna/muzffarpur : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक ऐसी रूहकपा देने वाली घटना सामने आई है जिसने पूरे प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया है कि गायघाट थाना क्षेत्र में एक नशे में धूत दरोगा ने एक निर्दोष किसान, स्वर्गीय जगतवीर राय की उनके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी। तेजस्वी यादव ने इस घटना को अराजकता की पराकाष्ठा बताते हुए कहा कि जिस पुलिस अधिकारी पर हत्या का संगीन आरोप है, उसे सजा देने के बजाय नीतीश सरकार मेडल से नवाजने की तैयारी कर रही है।

  • दरोगा पर 'शराब माफिया' के घर में छिपने का आरोप

तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया के जरिए सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भ्रष्ट और नकारा बिहार पुलिस को वह 'कातिल' दरोगा मिल नहीं रहा है। उन्होंने दावा किया कि घटनास्थल पर मौजूद हजारों लोगों का कहना है कि आरोपी दरोगा मुजफ्फरपुर के एक रसूखदार शराब माफिया के घर में छिपा हुआ है। तेजस्वी ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि स्वयंभू मुख्यमंत्री का संरक्षण प्राप्त होने के कारण पुलिस उस माफिया के घर पर छापा मारने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही है।

विवादों के घेरे में 'वीर पशुपतिनाथ मेडल' की सूची

इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू वह आधिकारिक पत्र है, जिसमें तिरहुत क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक कार्यालय द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को "वीर पशुपतिनाथ मेडल" देने की घोषणा की गई है। इस सूची में क्रम संख्या 04 पर पु०अ०नि० राजा सिंह, थानाध्यक्ष, गायघाट थाना का नाम शामिल है। तेजस्वी यादव ने इसी सूची को आधार बनाते हुए सरकार को घेरा है कि एक तरफ पुलिस पर हत्या का आरोप लग रहा है और दूसरी तरफ आगामी 09 अप्रैल 2026 को बलिगाँव थाना परिसर में उन्हें सम्मानित करने की तैयारी है।

जातिवाद और माफिया राज का गठजोड़

तेजस्वी यादव ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार पुलिस अब केवल अपराधियों की सहयोगी ही नहीं, बल्कि खुद अपराधी और तस्कर बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक भ्रष्ट जातिवादी अधिकारी ने नशे की हालत में निर्दोष नागरिक की जान ले ली। यादव ने चेतावनी दी कि अगर दोषी थानाध्यक्ष की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं होती और न्याय नहीं मिलता, तो जनता मुजफ्फरपुर की सड़कों पर उतरेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

न्याय के लिए आरजेडी का संघर्ष का ऐलान

राष्ट्रीय जनता दल ने स्पष्ट कर दिया है कि वह स्वर्गीय जगतवीर राय को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा। मुजफ्फरपुर जिले में इस घटना के बाद से भारी आक्रोश और आंदोलन की स्थिति बनी हुई है। एक तरफ पुलिस विभाग मेडल देने के लिए समारोह की तैयारी में जुटा है, वहीं दूसरी तरफ विपक्ष इसे निर्लज्जता और संवेदनहीनता की पराकाष्ठा बता रहा है। अब देखना यह है कि क्या सरकार इस मेडल सूची पर पुनर्विचार करती है या आक्रोश की आग और भड़कती है।

Report - Ranjan kumar