Bihar Politics: पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर भड़के तेजस्वी यादव, सीएम नीतीश को घेरा, अपराधियों को सरंक्षण दे रही सरकार

Bihar Politics:

नीतीश सरकार पर भड़के तेजस्वी - फोटो : social media

Bihar Politics:  बिहार के नेता प्रतिपक्ष और राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी शनिवार को दिल्ली पहुंचे। जहां उन्होंने नीतीश सकार पर बड़ा हमला बोला। साथ ही नीट छात्रा की मौत मामले और पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तार को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि बिहार में तनाशाही का माहौल है। अपराधियों को बचाया जा रहा है। तेजस्वी ने कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर भी बयान दिया। दरअसल, देर रात तेजस्वी दिल्ली पहुंचे। जहां उन्होंने मीडिया कर्मियों से बातचीत की। 

20 सालों से एनडीए सरकार फिर भी बिहार सबसे पीछे 

इस दौरान तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार और केंद्र की एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछले 20 वर्षों से एनडीए की सरकार होने के बावजूद राज्य का समुचित विकास नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि हर साल बजट पेश किया जाता है, लेकिन उससे बिहार की स्थिति में कोई बड़ा बदलाव नहीं आया। उनके मुताबिक शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बिहार आज भी देश के सबसे पिछड़े राज्यों में शामिल है। राज्य में न तो उद्योग-धंधों का विकास हुआ है और न ही रोजगार के पर्याप्त अवसर पैदा हुए हैं, जिसके कारण गरीबी और पलायन चरम पर है। उन्होंने कहा कि इस बार के बजट से भी किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं की जा सकती।

राजद के संगठन को किया जाएगा मजबूत 

राजद के कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि पार्टी ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है और वह इसे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संगठन को और मजबूत किया जाएगा तथा जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा। बता दें कि, 7 फरवरी को राजद कार्यालय में तेजस्वी का स्वागत समारोह का आयोजन किया गया था। तेजस्वी कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद बीते दिन पहली बार राजद दफ्तर पहुंचे थे। 

देश में तानाशाही का माहौल 

नीट छात्रा मौत मामले को लेकर भी तेजस्वी यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में तानाशाही का माहौल है और इस मामले में दोषियों को बचाया जा रहा है, जबकि निर्दोष लोगों को फंसाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर उनकी पार्टी पहले से आवाज उठाती रही है और विधानसभा में भी राजद विधायक लगातार इस पर सवाल उठा रहे हैं।

ठंडे बस्ते में गया मामला 

तेजस्वी ने सीबीआई जांच पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पहले भी बिहार में कई बड़े मामलों जैसे सृजन घोटाला, बालिका गृह कांड और नवरुणा मामला सीबीआई को सौंपे गए थे, लेकिन वे ठंडे बस्ते में चले गए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का काम अपराधियों को संरक्षण देना और मामलों को दबाना बन गया है।

दिल्ली से धीरज की रिपोर्ट