Bihar Politics: 'बिहार की महिलाओं को दिलाएंगे अपमान काल से मुक्ति', तेजस्वी यादव का बड़ा ऐलान, जानिए 'BETI MAA' योजना का कितना पड़ेगा असर?
Bihar Politics: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने महिलाओं से संवाद किया। तेजस्वी ने दावा किया कि वो बिहार की महिलाओं को 20 साल के अपमान काल से मुक्ति दिलाना चाहते हैं...पढ़िए आगे...
Bihar Politics: बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज है। सभी पार्टी वोटरों को लुभाने के लिए अपने अपने दावे वादे को सामने रख रहे हैं। पक्ष विपक्ष अपना ध्यान आधी आबादी यानी महिलाओं पर अधिक रखे हैं। माना जाता है कि बिहार की आधी आबादी सरकार बनाने और सरकार गिराने की ताकत रखती हैं। हालांकि आधी आबादी का झुकाव अधिक सीएम नीतीश की ओर है ऐसे में विपक्षी दल आधी आबादी को साधने की तमाम कोशिशें कर रहे हैं। बीते दिन तेजस्वी यादव ने महिला संवाद किया। महिलाओं से बातचीत कर तेजस्वी ने उन योजनाओं का जिक्र किया जो महागठबंधन की सरकार बनने पर लागू किए जाएंगे। वहीं ट्विट कर तेजस्वी ने एक बार फिर अपनी बातों को दोहराया साथ ही उन्होंने कहा कि वो बिहार की महिलाओं को 20 साल के अपमान काल से मुक्ति दिलाएंगे।
महिलाएं तय करती हैं दशा-दिशा तय
तेजस्वी ने ट्विट कर कहा कि, नवरात्र के पावन पर्व में बिहार की देवी स्वरूप आधी आबादी से 'महिला सशक्तिकरण संवाद' किया। बिहार की हर महिला माँ दुर्गा का स्वरूप है, माँ-बहन और बेटी के रूप में एक महिला हमेशा ही त्याग, समर्पण, साहस और सेवा का वो प्रतिरूप होती है जो देश, राज्य, समाज और परिवार के विकास की दशा और दिशा तय करता है।
तेजस्वी की घोषणाएं
तेजस्वी ने आगे कहा कि, महिलाओं का सम्मान, स्वाभिमान और समृद्धि ही बिहार के विकास की दिशा तय करेगी। महिलाओं के सशक्तिकरण का नया विज़न हमने तैयार किया है जिसमें हर पहलू को ध्यान में रखते हुए महिलाओं के विकसित जीवन का लक्ष्य रखा गया है। जहाँ एक ओर हम “𝐁𝐄𝐓𝐈” ( 𝐁-𝐁𝐞𝐧𝐞𝐟𝐢𝐭, 𝐄-𝐄𝐝𝐮𝐜𝐚𝐭𝐢𝐨𝐧, 𝐓-𝐓𝐫𝐚𝐢𝐧𝐢𝐧𝐠 , 𝐈 -𝐈𝐧𝐜𝐨𝐦𝐞 ) योजना के माध्यम से बिहार में जन्म लेनी वाली हर बेटी का जन्म से लेकर जीविकोपार्जन तक का दायित्व उठायेंगे वही दूसरी और 𝐌𝐀𝐀 (𝐌- 𝐌𝐚𝐤𝐚𝐚𝐧, 𝐀 -𝐀𝐧𝐧, 𝐀- 𝐀𝐚𝐦𝐝𝐚𝐧𝐢 ) योजना के माध्यम से हर माँ के परिवार को रहने के लिए घर, खाने के लिए अन्न और अच्छे जीवन के लिए आमदनी की व्यवस्था करेंगे। 𝟐𝟓𝟎𝟎₹ हर महीने वाली “माई-बहन मान योजना” से लेकर 𝟏𝟓𝟎𝟎 रुपये मासिक पेंशन जैसी अनेक लाभपरक योजनाएं तय हो चुकी हैं।
20 साल के अपमान से दिलाना है मुक्ति
उन्होंने कहा कि, त्याग, समर्पण और सहृदयता की प्रतीक हर महिला को 𝟐𝟎 बरसों के अपमान काल से मुक्ति दिलाना और हर महिला के जीवन को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से स्वर्णिम बनाना, यही हमारा प्रण है, यही हमारी प्रतिज्ञा है। इसी विज़न को लेकर बिहार की आधी आबादी से “महिला सशक्तिकरण संवाद” हुआ। बिहार की हर महिला प्रगति वाले परिवर्तन की नींव रख चुकी है जो जल्द ही जनविजय के रूप में परिवर्तित होने वाला है। तेजस्वी यादव लगातार चुनावी घोषणाएं कर रहे हैं अब देखना होगा कि विधानसभा चुनाव में आधी आबादी का झुकाव किस ओर होता है।