सूरजपुर मुसलमान को अति पिछड़ा वर्ग में शामिल करने का सर्वेक्षण कराएगी सरकार, श्रीकृष्ण सिंह को 'भारत रत्न' देने की अनुशंसा की पहल

सूरजपुर मुसलमान समुदाय को अति पिछड़ा वर्ग (EBC) की सूची में शामिल करने की मांग पर सरकार जल्द ही सर्वेक्षण कराएगी। यह आश्वासन शुक्रवार को विधान सभा में भवन निर्माण मंत्री लेसी सिंह की ओर दिया गया.....

Patna : बिहार विधानसभा में शुक्रवार को गैर-सरकारी संकल्प पर चर्चा के दौरान राज्य सरकार की ओर से दो महत्वपूर्ण आश्वासन दिए गए। भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने सदन को आश्वस्त किया कि सूरजपुर मुसलमान समुदाय को अति पिछड़ा वर्ग (EBC) की सूची में शामिल करने की मांग पर सरकार जल्द ही सर्वेक्षण कराएगी।


इसके साथ ही सरकार बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' देने की अनुशंसा के लिए पहल करेगी।


सूरजपुर मुसलमान समुदाय का होगा सर्वेक्षण 

विधानसभा में विधायक गोपाल अग्रवाल द्वारा लाए गए गैर-सरकारी संकल्प पर जवाब देते हुए मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि सूरजपुर मुसलमान समुदाय की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का आंकलन करने के लिए सर्वेक्षण कराया जाएगा। इस सर्वे की रिपोर्ट के आधार पर ही इस समुदाय को अति पिछड़ा वर्ग की सूची में शामिल करने के विषय पर आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।


डॉ. श्रीकृष्ण सिंह को 'भारत रत्नदेने का प्रस्ताव 

राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह को 'भारत रत्न' देने के मुद्दे पर मंत्री लेशी सिंह ने सदन को अवगत कराया कि राज्य सरकार इसके लिए सकारात्मक कदम उठाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पद्म पुरस्कारों की अनुशंसा के लिए गठित राज्य स्तरीय समिति की आगामी बैठक में यह प्रस्ताव आधिकारिक रूप से लाया जाएगा। यदि समिति में इस पर सहमति बनती है, तो बिहार सरकार केंद्र सरकार को डॉ. श्रीकृष्ण सिंह को भारत रत्न देने की औपचारिक अनुशंसा भेजेगी।

वंदना की रिपोर्ट