वैशाली में मां काली पूजा में शामिल हुए मुकेश सहनी : लोकतंत्र और शिक्षा पर दिया जोर

वैशाली में मां काली पूजा में शामिल हुए मुकेश सहनी : लोकतंत्र
मुकेश सहनी की जनता से अपील- फोटो : देवांशु प्रभात

Patna : विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने शुक्रवार को वैशाली जिले के पहेतिया गांव में आयोजित माँ काली पूजन समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में आस्था के साथ-साथ अच्छे कर्म का होना भी बेहद जरूरी है।


लोकतंत्र में मजबूत विपक्ष जरूरीसत्ता पक्ष विपक्ष को दुश्मन मान रहा

मीडिया से बातचीत करते हुए मुकेश सहनी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए एक सशक्त विपक्ष का होना अनिवार्य है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों को याद करते हुए कहा कि विपक्ष लोकतंत्र की तीसरी आंख होता है, लेकिन वर्तमान में सत्ता पक्ष विपक्ष को दुश्मन मानकर कमजोर करने में लगा हुआ है।


जनता ही तानाशाही पर लगाएगी लगाम

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं को डराने और उनकी पार्टियों को तोड़ने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। सहनी ने कहा कि इस प्रकार की प्रवृत्तियों से स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपराएं प्रभावित होती हैं और आखिरकार जनता ही ऐसी तानाशाही पर अपनी ताकत से लगाम लगाती है।


टकराव की राजनीति छोड़े राजनीतिक दल

वीआईपी प्रमुख ने राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि टकराव की राजनीति को छोड़कर संवाद और आपसी सम्मान की संस्कृति को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में अनावश्यक तनाव और अशांति से बचने के लिए राजनीतिक सहिष्णुता बेहद आवश्यक है।


बच्चों को शिक्षित और काबिल बनाने की अपील

अपने संबोधन के अंत में मुकेश सहनी ने जनता से अपील की कि वे सरकारों का चुनाव केवल उनके विकासात्मक कार्यों के आधार पर करें। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा देकर उन्हें आत्मनिर्भर और काबिल बनाने पर जोर दिया।


देवांशु प्रभात की रिपोर्ट