बिहार राजस्व सेवा के 3 अधिकारियों को मिली अतिरिक्त जिम्मेदारी, सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी की अधिसूचना

बिहार मे एकबार फिर बड़ा प्रशासनिक फेर-बदल हुआ है। बिहार राजस्व सेवा के तीन अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेवारी दी गई है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है.....

Patna : बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के तहत कार्यरत बिहार राजस्व सेवा के तीन अधिकारियों को बड़ी जिम्मेदारी दी है। 7 सितंबर 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार, राज्य सरकार ने तीन अनुमण्डल राजस्व पदाधिकारियों को उनके संबंधित अनुमंडलों में 'भूमि सुधार उप समाहर्ता' (DCLR) का कार्य करने के लिए अधिकृत कर दिया है। यह आदेश बिहार के राज्यपाल के नाम से जारी किया गया है।


इन अधिकारियों को सौंपी गई नई जिम्मेदारी

जारी अधिसूचना के तहत समस्तीपुर के दलसिंहसराय में पदस्थापित अनुमण्डल राजस्व पदाधिकारी पंकज कुमार झा (गृह जिला- मधुबनी) को दलसिंहसराय का भूमि सुधार उप समाहर्ता बनाया गया है। वहीं, पूर्वी चम्पारण के अरेराज में कार्यरत पवन कुमार झा (गृह जिला- शिवहर) को अरेराज अनुमंडल का DCLR नियुक्त किया गया है।


अररिया सदर-का कार्यक्षेत्र तय

वहीं तीसरे अधिकारी के रूप में जमुई के मूल निवासी विकास कुमार सिंह, जो वर्तमान में अररिया सदर के अनुमण्डल राजस्व पदाधिकारी हैं, उन्हें 'अररिया सदर-1' अनुमंडल के लिए भूमि सुधार उप समाहर्ता का प्रभार सौंपा गया है। उनके क्षेत्राधिकार में तीन अंचल— अररिया, जोकीहाट और रानीगंज शामिल किए गए हैं।


राज्यपाल के आदेश से अधिसूचना जारी

सामान्य प्रशासन विभाग के उप सचिव राजीव रंजन दास के हस्ताक्षर से यह आदेश जारी किया गया है। इस अधिसूचना की प्रतिलिपि महालेखाकार (बिहार), मुख्यमंत्री सचिवालय, उप मुख्यमंत्री कार्यालय, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग तथा संबंधित जिला कोषागारों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।


भूमि सुधार कार्यों में तेजी आने की उम्मीद

अनुमण्डल राजस्व पदाधिकारियों को भूमि सुधार उप समाहर्ता के रूप में अधिकृत किए जाने से संबंधित जिलों में भूमि विवादों के निपटारे, राजस्व मुकदमों की सुनवाई और दाखिल-खारिज जैसे कार्यों में तेजी आएगी। इस फैसले से समस्तीपुर, पूर्वी चम्पारण और अररिया जिले के आम लोगों को प्रशासनिक कार्यों में बड़ी राहत मिलेगी।