गयाजी में विधि-व्यवस्था के लिए 3 प्रशिक्षु IAS अधिकारियों की तैनाती, सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी की अधिसूचना

गया जी में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला, 2026 के अवसर पर कानून-व्यवस्था के प्रभावी संधारण और सुगम संचालन के लिए तीन प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों की तैनाती की गई है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने अधिसूचना जारी की है.....

Patna : गया जी में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला, 2026 के अवसर पर कानून-व्यवस्था (विधि-व्यवस्था) के प्रभावी संधारण और सुगम संचालन के लिए बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने महत्वपूर्ण फैसला लिया है। इस विशाल आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने और प्रशासनिक अनुभव प्राप्त कराने के उद्देश्य से बिहार संवर्ग के 2025 बैच के तीन प्रशिक्षु भारतीय प्रशासनिक सेवा (भा.प्र.से.) अधिकारियों को गयाजी जिले में अस्थायी रूप से तैनात किया गया है।


नवादा, पटना और वैशाली में तैनात अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी 

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, जिन तीन आईएएस अधिकारियों को गयाजी जिले से सम्बद्ध किया गया है, उनमें नवादा के सहायक समाहर्त्ता-सह-सहायक दंडाधिकारी प्रिंस राज, पटना के सहायक समाहर्त्ता-सह-सहायक दंडाधिकारी दीपक कुमार और वैशाली (हाजीपुर) के सहायक समाहर्त्ता-सह-सहायक दंडाधिकारी अंकुर त्रिपाठी शामिल हैं। ये तीनों अधिकारी मेले के दौरान गयाजी जिला प्रशासन के साथ रहकर विधि-व्यवस्था की निगरानी करेंगे।


24 सितंबर की शाम विरमित होकर 25 सितंबर को गया में देंगे योगदान 

जारी आदेश के तहत संबंधित जिलों के जिला पदाधिकारियों (डीएम) को निर्देश दिया गया है कि वे तीनों प्रशिक्षु अधिकारियों को 24 सितंबर 2026 की अपराह्न (शाम) तक विरमित (रिलीव) कर दें। इसके पश्चात तीनों अधिकारी 25 सितंबर 2026 के पूर्वाह्न (सुबह) में जिला पदाधिकारी, गया के समक्ष अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे और मेले के दौरान अपनी प्रशासनिक सेवाएं प्रदान करेंगे।


10 अक्टूबर तक मेले में तैनाती के बाद मूल जिले में लौटेंगे अधिकारी 

अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि तीनों प्रशिक्षु अधिकारी 25 सितंबर से लेकर 10 अक्टूबर 2026 तक गया जिला पदाधिकारी के साथ सम्बद्ध रहकर मेला प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करेंगे। 10 अक्टूबर 2026 को मेले की अवधि समाप्त होने के उपरांत वे पुनः अपने-अपने मूल जिला प्रशिक्षण स्थलों (नवादा, पटना और वैशाली) में लौटकर योगदान देंगे।


बिहार राज्यपाल के आदेश से सरकार के अवर सचिव ने जारी की अधिसूचना 

यह अधिसूचना बिहार राज्यपाल के आदेश से सरकार के अवर सचिव सिद्धेश्वर चौधरी के हस्ताक्षर से जारी की गई है। इसकी प्रतिलिपि मुख्य सचिव, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव, बिपार्ड (BIPARD), लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (मसूरी) तथा संबंधित प्रमंडलीय आयुक्तों व जिलाधिकारियों को आवश्यक सूचना एवं कार्यवाही हेतु प्रेषित कर दी गई है। इस प्रतिनियुक्ति से पितृपक्ष मेले में देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा प्रबंधन को बल मिलेगा।