Bihar News: बुजुर्ग महिला को गर्दन से दबोचकर जंगल में ले गया बाघ, 1 घंटे तक खाता रहा मांस, बिहार में 'आदमखोर' का आतंक

Bihar News: बुजुर्ग महिला को गर्दन से दबोचकर बाघ जंगल ले गया। फिर 1 घंटे तक जिंदा महिला का मांस खाता रहा। जब महिला की तलाश की गई तो महिला का केवल पैर और खून से सना हुए कपड़ा बरामद हुआ।

बिहार में बाघ का आतंक - फोटो : social media

Bihar News: बिहार के बेतिया जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक बाघ ने बुजुर्ग महिला को जिंदा खा लिया। इस हैरान कर देने वाली घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि महिला का केवल पैर ही मिला है। महिला को बाघ ने अपना भोजन बना लिया है। इस घटना के बाद वन विभाग ने इलाके लोगों को चेतावनी दी है कि वो अकेले जंगल या खेतों में ना जाएं। 

महिला को जिंदा खाया बाघ 

दरअसल, पूरा मामला वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व (VTR) के गोवर्धन वन क्षेत्र के सोनबरसा गांव का है। जहां गुरुवार शाम एक बाघ ने 60 वर्षीय महिला को हमला कर मौत के घाट उतार दिया। मृतका की पहचान उमछी देवी के रूप में हुई है। बाघ महिला को गर्दन से दबोचकर करीब 500 मीटर दूर जंगल में ले गया और जिंदा खा गया। घटना स्थल से महिला का केवल पैर और खून से सने कपड़े मिले।

कैसे हुआ हमला?

स्थानीय लोगों के अनुसार, उमछी देवी गुरुवार शाम साढ़े चार बजे मवेशी चराने के लिए नदी किनारे गई थीं। इसी दौरान बाघ ने अचानक हमला किया और महिला को खींचकर जंगल के अंदर ले गया। आसपास मौजूद चरवाहों ने शोर मचाया, लेकिन बाघ के डर से कोई भी उसे बचाने जंगल में नहीं घुस सका। बताया जा रहा है कि बाघ करीब एक घंटे तक महिला को खाता रहा।

घटना के बाद गांव में दहशत

लोगों ने खून के धब्बों और कपड़ों के टुकड़ों के सहारे जंगल तक पहुंचकर देखा कि महिला का केवल पैर बचा है। इस भयावह दृश्य को देखकर गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बरामद पैर को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को पैर सौंपा जाएगा, ताकि अंतिम संस्कार किया जा सके।

वन विभाग की चेतावनी

वन विभाग के रेंजर सत्यम कुमार ने बताया कि जांच में बाघ के हमले की पुष्टि हुई है। वहीं, DFO प्रधुमन गौरव ने लोगों से अपील की है कि वे सुबह और शाम के समय अकेले जंगल या खेतों के आसपास न जाएं, बल्कि समूह में ही निकलें।

लगातार बढ़ रहे बाघ के हमले

गौरतलब हो कि, वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व और आसपास के इलाकों में बाघ के हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कभी मवेशी तो कभी इंसान इनका शिकार बनते हैं। ग्रामीणों में डर का माहौल है और वे सुरक्षा के साथ-साथ मुआवजे की भी मांग कर रहे हैं। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। वहीं इलाके के दहशत देखने को मिल रही है।