2025 बैच के 10 प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों को मिले प्रशिक्षण जिले, गृह विभाग ने जारी की अधिसूचना

2025 बैच के 10 प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों को प्रशिक्षण जिले दिए गए है। गृह विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी की है। ये सभी 22 नवंबर को बिहार पुलिस अकादमी राजगीर में योगदान देंगे। 29 सप्ताह तक एएसपी के रूप में व्यावहारिक प्रशिक्षण लेंगे...

Patna : बिहार सरकार के गृह विभाग (आरक्षी शाखा) ने 20 नवंबर 2026 को अधिसूचना जारी कर भारतीय पुलिस सेवा (बिहार संवर्ग) 78वीं आरआर (2025 बैच) के 10 प्रशिक्षु पदाधिकारियों के जिला व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए प्रस्तावित जिलों की सूची जारी की है। सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद से प्रथम चरण का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद ये अधिकारी 22 नवंबर 2026 को बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर (नालंदा) में योगदान देंगे और आगे 29 सप्ताह के जिला व्यावहारिक प्रशिक्षण के तहत सहायक पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य करेंगे। 


मुंगेर, रोहतास, भागलपुर और मुजफ्फरपुर समेत इन जिलों में होगी तैनाती

अधिसूचना के अनुसार, आशीष कुमार (बिहार-मोतिहारी) को मुंगेर, कोशेंदर (राजस्थान) को रोहतास, मो. ताबिश हसन (बिहार-नालंदा) को भागलपुर, नवनीत आनंद (बिहार-पूर्णिया) को मुजफ्फरपुर और सहर्ष कुमार (पश्चिम बंगाल) को मोतिहारी जिला आवंटित किया गया है। 


गयाजी, पटना, समस्तीपुर, भोजपुर और दरभंगा भी सूची में शामिल

इसके अलावा शुभम (हरियाणा) को गयाजी, सिद्धक सिंह (पंजाब) को पटना, विजय राघव गोयल (राजस्थान) को समस्तीपुर, विनय कुमार (हिमाचल प्रदेश) को भोजपुर और विश्व वर्द्धन (बिहार-पटना) को दरभंगा जिला व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए आवंटित किया गया है। 


अवर सचिव दीपक कुमार के हस्ताक्षर से जारी हुआ आदेश

यह अधिसूचना सरकार के अवर सचिव दीपक कुमार के हस्ताक्षर से जारी की गई है, जिसकी प्रतियां महालेखाकार, संबंधित जिलों के कोषागार पदाधिकारियों, पुलिस व प्रशासन के वरीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं।