Bihar News: काम पर नहीं लौट रहे CO और राजस्व अफसरों पर होगी कार्रवाई! विजय सिन्हा की सख्त हिदायत, बन रही लिस्ट

Bihar News: बिहार में हड़ताल पर गए राजस्व अधिकारियों के खिलाफ सरकार ने सख्त रुख अपना लिया है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने तय समय सीमा तक काम पर नहीं लौटने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है

हड़ताल कर रहे कर्मियों पर गिरेगी गाज - फोटो : social media

Bihar News: बिहार में हड़ताल पर चल रहे राजस्व अधिकारियों के खिलाफ सरकार अब सख्त रुख अपनाने जा रही है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने उन अधिकारियों की सूची तैयार करनी शुरू कर दी है, जो तय समय सीमा के बावजूद काम पर वापस नहीं लौटे हैं। विभाग ने सभी जिलों से अंचल अधिकारियों (सीओ) और राजस्व कर्मियों की रिपोर्ट तलब की है।

हड़ताल कर रहे कर्मियों पर होगी सख्त कार्रवाई 

जानकारी के अनुसार, बीते 9 मार्च से हड़ताल पर रहे अधिकारियों को 25 मार्च की शाम 5 बजे तक हर हाल में काम पर लौटने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद कई अधिकारी ड्यूटी पर नहीं लौटे, जिसके बाद अब उनके खिलाफ निलंबन समेत कड़ी अनुशासनिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

सामूहिक अवकाश अवैध 

विभाग ने राजस्व अधिकारियों के सामूहिक अवकाश को अवैध करार देते हुए साफ किया है कि आदेश का पालन नहीं करने वालों पर वेतन कटौती, सेवा में बाधा (ब्रेक इन सर्विस) और अन्य कड़े कदम उठाए जाएंगे। इससे पहले डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने भी हड़ताली अधिकारियों से अपील की थी कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर काम पर लौट आएं।

दो दिनों में होगी सख्त कार्रवाई 

उन्होंने कहा था कि जो अधिकारी समय पर ड्यूटी जॉइन करेंगे, उनके अवकाश अवधि के समायोजन पर नियमों के तहत सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। अब सरकार की सख्ती के बीच एक-दो दिनों में बड़े स्तर पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। कई कर्मी की नौकरी भी जा सकती है।