भूमि विवाद में महिला की हत्या, एक ही जमीन पर मालिकाना हक के लिए दो पट्टीदारों में हुआ खूनी संघर्ष

Vaishali - वैशाली जिले के सहदेई बुजुर्ग थाना क्षेत्र के पोहियार बुजुर्ग पंचायत के वार्ड संख्या 4 में भूमि विवाद को लेकर दो पट्टीदारों के बीच हुई मारपीट में एक 54 वर्षीय महिला की मौत हो गई। जबकि महिला का पुत्र गम्भीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद से आरोपी का परिवार घर छोड़कर फरार।पुलिस  ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

घटना को लेकर बताया गया कि पोहियार बुजुर्ग पंचायत के वार्ड संख्या चार में भूमि विवाद को लेकर दो पट्टीदारों के बीच हुई मारपीट की घटना में पौलेस पासवान की पत्नी 54 वर्षीय गया देवी की मौत हो गई। जबकि इस घटना में पौलेस पासवान का पुत्र सतीश पासवान गम्भीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद गया देवी एवं उनके पुत्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सहदेई बुजुर्ग लाया गया। जहां जांच के बाद डॉक्टर ने गया देवी को मृत घोषित कर दिया। जबकि सतीश कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया गया।

बताया गया कि जिस भूमि में दोनों का घर है वह भूमि वासकित पर्चा से मिली हुई है। इसी भूमि को लेकर पट्टीदार नन्दकिशोर पासवान, सहदेव पासवान एवं बृजमोहन पासवान से विवाद चल रहा था। बताया गया कि शुक्रवार को सहदेव पासवान आदि अर्धनिर्मित घर पर एस्बेस्टर चढ़ा रहा था। इसी को लेकर दोनों पट्टीदारों के बीच पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते दोनो में मारपीट हो गई। 

बताया गया कि इसी दौरान सहदेव पासवान आदि की ओर से ईंट से हमला किया गया। इसी हमले के दौरान एक ईंट गया देवी के सर पर लग गई। जिससे वह वही बेहोश होकर गिर गई।जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया।जहां उसकी मौत हो गई।

रिषभ की रिपोर्ट