रफ़्तार का कहर: पटना में महिला दारोगा को बाइक सवार ने उड़ाया, हालत गंभीर
राजधानी पटना में बेकाबू रफ्तार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला पटना सिटी के खाजेकलां थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहाँ एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने ड्यूटी पर जा रही महिला दारोगा को जोरदार टक्कर मार दी।
राजधानी पटना में बेकाबू रफ्तार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला पटना सिटी के खाजेकलां थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहाँ एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने ड्यूटी पर जा रही महिला दारोगा को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में महिला दारोगा गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और वे सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गईं।
गंगा पाथवे पर हुआ हादसा, PMCH रेफर
घटना पटना सिटी के चित्रगुप्त मंदिर के समीप गंगा पाथवे की है। घायल महिला दारोगा की पहचान भारती कुमारी के रूप में हुई है, जो खाजेकलां थाना में अपर थानाध्यक्ष (Link SHO) के पद पर तैनात हैं। वे अपनी स्कूटी से प्रतिदिन की तरह थाने जा रही थीं, तभी सामने से आ रहे अनियंत्रित बाइक सवार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए श्री गुरुगोविंद सिंह सदर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए PMCH (पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल) रेफर कर दिया है।
दाहिना हाथ फ्रैक्चर, पुलिस महकमे में मची खलबली
चिकित्सकों के अनुसार, इस दुर्घटना में महिला दारोगा भारती कुमारी का दाहिना हाथ बुरी तरह फ्रैक्चर हो गया है और उनके शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही खाजेकलां थाने की पुलिस टीम अस्पताल पहुँची और अपनी सहकर्मी का हाल जाना। अस्पताल परिसर में पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घायल दारोगा की हालत अभी स्थिर बताई जा रही है, लेकिन उन्हें डॉक्टरों की विशेष निगरानी में रखा गया है।
बाइक सवार हिरासत में, कानूनी कार्रवाई जारी
हादसे के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बाइक सवार को वाहन समेत हिरासत में ले लिया है। खाजेकलां थानाध्यक्ष विद्यानंद वर्मा ने बताया कि पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया है और युवक से पूछताछ की जा रही है। गंगा पाथवे पर बढ़ती रफ़्तार और लापरवाही से होने वाली दुर्घटनाओं ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है ताकि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
रिपोर्टर - रजनीश कुमार