Sonepur Mela 2026: 21 साल बाद CM के हाथों होगा उद्घाटन, अयोध्या मंदिर की तर्ज पर बन रहा भव्य पंडाल

विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 के उद्घाटन की घड़ी अब नजदीक आ गई है। 32 दिनों तक सरकारी स्तर पर आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक मेले का उद्घाटन आगामी 22 नवंबर को संध्या 5 बजे बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे।

सोनपुर मेला 2026 CM के हाथों होगा उद्घाटन- फोटो : Reporter

विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 के उद्घाटन की घड़ी अब नजदीक आ गई है। 32 दिनों तक सरकारी स्तर पर आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक मेले का उद्घाटन आगामी 22 नवंबर को संध्या 5 बजे बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। करीब 21 वर्षों बाद मुख्यमंत्री के हाथों मेले का उद्घाटन होने जा रहा है, जिसको लेकर सोनपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में लोगों के बीच काफी उत्साह और उमंग देखने को मिल रहा है।



मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मेला क्षेत्र में तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। धीरे-धीरे मेले में रौनक लौटने लगी है और विभिन्न स्थानों पर दुकानों, प्रदर्शनी पंडालों एवं मनोरंजन के साधनों का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है।


मुख्यमंत्री द्वारा सोनपुर को गोद लिए जाने के बाद क्षेत्र के विकास को लेकर लोगों में नई उम्मीद जगी है। इस बार मुख्यमंत्री के हाथों उद्घाटन होने के कारण मुख्य समारोह पंडाल को पिछले वर्षों की तुलना में और भी आकर्षक एवं भव्य रूप दिया जा रहा है। 


सारण जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने शुक्रवार की शाम विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने उद्घाटन से पूर्व सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने की हिदायत दी।


मुख्य पंडाल के बाईं ओर विशिष्ट अतिथियों के लिए कक्ष एवं प्रशासनिक भवन बनकर तैयार हो चुका है। वहीं, कृषि प्रदर्शनी को आकर्षक बनाने के लिए भी विभागीय स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।


अधिकारियों द्वारा कृषि विभाग के कर्मियों के साथ बैठक कर प्रदर्शनी क्षेत्र में स्टॉल लगाने, रबी फसलों, कृषि उत्पादों एवं आधुनिक कृषि तकनीक से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मेले में आने वाले किसानों को खेती-किसानी से जुड़ी नई जानकारियां मिल सकें और वे इसका लाभ उठा सकें।



दूसरी ओर चिड़िया बाजार स्थित मेला क्षेत्र में अयोध्या धाम की तर्ज पर भव्य मंदिर का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। प्रस्तावित मंदिर की लंबाई 110 फीट, चौड़ाई 80 फीट तथा ऊंचाई 82 फीट होगी। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए यह मंदिर विशेष आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है। इसके अलावा परिवहन, पंचायती राज, खाद्य एवं आपूर्ति, मत्स्य, गव्य और ग्राम श्री मंडप सहित केंद्र एवं राज्य सरकार के विभिन्न विभागों की ओर से दर्जनों प्रदर्शनी एवं जागरूकता स्टॉल लगाए जा रहे हैं।



ठंड का मौसम शुरू होने के साथ ही मेला क्षेत्र में गर्म कपड़ों की दुकानें भी सजने लगी हैं। हालांकि, सड़क किनारे प्रशासन द्वारा बांस-बल्ले की घेराबंदी किए जाने को लेकर दुकानदारों और राहगीरों में नाराजगी भी देखी जा रही है। स्थानीय दुकानदारों एवं राहगीरों का कहना है कि प्रशासन को ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए, जिससे दुकानदारों के कारोबार और मेलार्थियों की आवाजाही पर प्रतिकूल असर नहीं पड़े। उनका कहना है कि कभी लगभग तीन किलोमीटर क्षेत्र में फैला सोनपुर मेला अब धीरे-धीरे सिमटकर करीब एक किलोमीटर की परिधि में रह गया है। ऐसे में मेले के पारंपरिक स्वरूप और विस्तार को बनाए रखने की जरूरत है।



मेले के हृदयस्थल में मनोरंजन के साधनों को लेकर भी तैयारियां जारी हैं। शोभा सम्राट थिएटर, ग्रेट गुलाब विकास, पायल सहित कई अन्य थिएटरों का निर्माण कार्य चल रहा है। जिला प्रशासन की ओर से थिएटर संचालकों को निर्धारित समय पर संचालन शुरू करने के लिए पत्र जारी कर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।



सुरक्षा व्यवस्था के लिए 20 अस्थायी थाने, 2500 पुलिसकर्मियों की होगी तैनाती

सोनपुर मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं मेलार्थियों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। सारण एसएसपी रोशन कुमार ने मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए कुल 20 अस्थायी थाने स्थापित करने का निर्देश दिया है। इनमें 13 थाने मेला अवधि के दौरान संचालित होंगे, जबकि सात थाने विभिन्न स्नान घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण के लिए बनाए जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत करीब 2000 पुलिसकर्मियों और 500 पुलिस पदाधिकारियों की सादे एवं वर्दी में तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही मेला क्षेत्र के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखी जा सके और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।



कुल मिलाकर, सोनपुर मेला-2026 को भव्य, आकर्षक, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहा है। मुख्यमंत्री के आगमन और उद्घाटन समारोह को लेकर पूरे मेला क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बनने लगा है। अब लोगों को 22 नवंबर का बेसब्री से इंतजार है, जब मुख्यमंत्री के हाथों ऐतिहासिक सोनपुर मेले का विधिवत शुभारंभ होगा।

सारण से धर्मेंद्र कुमार रस्तोगी की रिपोर्ट