बिजली के पोल पर तार लगाने के विवाद में हुई मारपीट, सरेआम पिस्टल लहराने का वीडियो वायरल होने पर पांच आरोपी गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर जिले में दो पक्षों के बीच मारपीट के दौरान खुलेआम पिस्टल लहराने मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पांच आरोपियों को धर दबोचा है....

बिजली के पोल पर तार लगाने के विवाद में हुई मारपीट, सरेआम पिस
पुलिस की बड़ी कार्रवाई- फोटो : सांकेतिक तस्वीर

Muzaffarpur : जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र अंतर्गत माधोपुर चिकनी गांव में बिजली के पोल पर तार लगाने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान एक युवक द्वारा खुलेआम पिस्टल लहराने और गोली मारने की धमकी देने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही कुढ़नी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


दो दिन पहले शुरू हुआ था विवाद, बुधवार को बाहर से बुलाए गए सहयोगी

मिली जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले बिजली के पोल में तार लगाने को लेकर जगरनाथ ठाकुर और दूसरे पक्ष के बबलू कुमार के बीच विवाद हुआ था। इसी घटना के बाद बुधवार को बबलू कुमार ने अलग-अलग जिलों से अपने कुछ सहयोगियों को मौके पर बुला लिया।


कहासुनी के बाद हिंसक मारपीट, लहराई गई पिस्टल

बुधवार को एक बार फिर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इसी दौरान बबलू कुमार के पक्ष से पहुंचे अभिमन्यु कुमार नामक युवक ने सरेआम पिस्टल लहराते हुए दूसरे पक्ष को गोली मारने की धमकी दी।


सोशल मीडिया पर वायरल हुआ घटनाक्रम का वीडियो

दो पक्षों के बीच मारपीट और खुलेआम हथियार लहराए जाने की यह पूरी घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा गया कि मारपीट के बीच एक युवक सरेआम हथियार लहरा रहा है।


पुलिस जांच जारी, पूछताछ के बाद पांचों आरोपी न्यायिक हिरासत में

मामले की सूचना मिलते ही कुढ़नी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ करने के बाद सभी पांचों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।


मनीभूषण की रिपोर्ट