सुपौल जिले को मिलेगा कई विकास परियोजनाओं की सौगात, पीएम मोदी डेयरी योजनाओं का शिलान्यास और डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय का करेंगे लोकार्पण
सुपौल जिले को पीएम मोदी शनिवरा को सड़क, डेयरी विकास और शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे....
Supaul : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार, 21 नवंबर को सुपौल जिले को सड़क, डेयरी विकास और शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। जिला प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री द्वारा विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया जाएगा, जिससे जिले में आधारभूत संरचना मजबूत होने के साथ-साथ आवागमन, रोजगार और शिक्षा की सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर जिले से संबंधित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुपौल नगर भवन (टाउन हॉल) में आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारियां जिला प्रशासन द्वारा की जा रही हैं।
एनएच-327AD पर सरायगढ़ से गणपतगंज तक उन्नत सड़क परियोजना का होगा उद्घाटन
कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 327AD पर सरायगढ़ से लालगंज-गणपतगंज होते हुए राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 106 (नवीन एनएच-131) तक सड़क परियोजना का उद्घाटन किया जाएगा। लगभग 10.672 किलोमीटर लंबी इस सड़क का दो लेन सहित पेव्ड शोल्डर के साथ उन्नयन एवं निर्माण कराया गया है। इस मार्ग के लोकार्पण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ सड़क संपर्क और यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार की उम्मीद है।
कोसी दुग्ध उत्पादन सहकारी संघ में 126.07 करोड़ की डेयरी परियोजनाओं का शिलान्यास
डेयरी विकास के क्षेत्र में डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, बिहार तथा बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (कॉम्फेड) के अंतर्गत कोसी दुग्ध उत्पादन सहकारी संघ, सुपौल में कुल 126.07 करोड़ रुपये की विभिन्न डेयरी विकास परियोजनाओं का शिलान्यास होगा। इन योजनाओं से दुग्ध उत्पादन व प्रसंस्करण क्षमता में वृद्धि होगी और सहकारी डेयरी व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, जिसका सीधा लाभ जिले के पशुपालकों और दुग्ध उत्पादकों को प्राप्त होगा।
4607.97 लाख रुपये की लागत से निर्मित डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय का लोकार्पण
शिक्षा के क्षेत्र में सुपौल प्रखंड की हरदी पंचायत के देवेन्द्रनगर, चौघारा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय के नवनिर्मित भवन का भी उद्घाटन किया जाएगा। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के अंतर्गत 4607.97 लाख रुपये की लागत से तैयार इस विद्यालय भवन की क्षमता 720 विद्यार्थियों की है, जिससे छात्रों को बेहतर शैक्षणिक व आवासीय सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके अतिरिक्त बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड की सुपौल से संबंधित परियोजनाओं का भी लोकार्पण किया जाएगा।
विनय की रिपोर्ट