Siwan News:सीवान नगर परिषद से लाखों की सरकारी फाइल गायब, तीन कर्मियों पर FIR
Siwan News: सीवान नगर परिषद में सरकारी योजनाओं से जुड़ी फाइलों के रखरखाव और प्रशासनिक जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ...
Siwan News: सीवान नगर परिषद में सरकारी योजनाओं से जुड़ी फाइलों के रखरखाव और प्रशासनिक जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वार्ड संख्या 9 में नाला निर्माण और स्लैब मरम्मत से संबंधित 19 लाख 22 हजार 838 रुपये की योजना की फाइल पिछले चार वर्षों से गायब है। हैरानी की बात यह है कि इस दौरान नगर परिषद में चार कार्यपालक पदाधिकारी बदल गए, लेकिन गायब फाइल का कोई सुराग नहीं मिला। मामले में तीन कर्मचारियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस की छापेमारी के बाद आरोपित फरार बताए जा रहे हैं।
पूरा मामला वित्तीय वर्ष 2022-23 का है। वार्ड संख्या 9 में सलीम सिद्दीकी के घर से फिरोज अहमद के घर तक नाला निर्माण और स्लैब मरम्मत का कार्य प्रस्तावित था। इसके लिए 19,22,838 रुपये का बजट निर्धारित किया गया था। टेंडर प्रक्रिया में सफलता मिलने के बावजूद महिला संवेदक अनीता देवी को भुगतान और कार्य से जुड़ी प्रक्रिया के लिए चार वर्षों तक नगर परिषद कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ा। लेकिन संबंधित योजना की फाइल ही कार्यालय से गायब हो गई।
इस दौरान नगर परिषद में चार कार्यपालक पदाधिकारियों ने जिम्मेदारी संभाली। इनमें मनीष कुमार, अरविंद कुमार सिंह, अनुभूति श्रीवास्तव और विपिन कुमार शामिल हैं। इसके बावजूद फाइल का पता नहीं चल सका। लगातार अधिकारियों के बदलने और फाइल नहीं मिलने से पूरे मामले की गंभीरता बढ़ गई है।
पुलिस जांच में योजना शाखा में अलग-अलग समय पर तैनात रहे पृथ्वीराज कुमार सिंह, विजय कुमार पासवान और अनूप कुमार को मुख्य आरोपित बनाया गया है। तीनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। हालांकि, कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपित फरार हो गए। फिलहाल पुलिस की विशेष टीम मोबाइल सर्विलांस के माध्यम से उनकी लोकेशन का पता लगाने में जुटी है।
इस पूरे प्रकरण ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर 19 लाख रुपये से अधिक की सरकारी योजना से जुड़ी महत्वपूर्ण फाइल चार वर्षों तक कहां रही? चार कार्यपालक पदाधिकारियों के कार्यकाल में भी इसकी खोज क्यों नहीं हो सकी? क्या यह महज प्रशासनिक लापरवाही है या इसके पीछे कोई सुनियोजित खेल है? फिलहाल इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे। पुलिस के सामने अब आरोपितों की गिरफ्तारी के साथ गायब सरकारी फाइल का पता लगाने और पूरे मामले की सच्चाई उजागर करने की चुनौती है।
रिपोर्ट- ताबिश इरशाद