कोसी बराज से छोड़ा गया 1.22 लाख क्यूसेक पानी, तटबंधों पर बढ़ी चौकसी, निचले इलाकों में अलर्ट

कोसी बराज से छोड़ा गया 1.22 लाख क्यूसेक पानी, निचले इलाकों में अलर्ट- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों और सीमावर्ती इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण कोसी नदी के जलस्तर में वृद्धि दर्ज की जा रही है। बुधवार शाम 4 बजे वीरपुर स्थित कोसी बराज से कुल 1,22,565 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज रिकॉर्ड किया गया है। जल संसाधन विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, इस समय पूर्वी कोसी मुख्य नहर (EKMC) और पश्चिमी कोसी मुख्य नहर (WKMC) में पानी का प्रवाह पूरी तरह बंद है और बराज से छोड़ा गया पूरा पानी नदी के मुख्य प्रवाह (डाउनस्ट्रीम) में भेजा जा रहा है।


खतरे के निशान से नीचे है जलस्तर, लेकिन प्रशासन सतर्क

जल संसाधन विभाग के मुताबिक, बराज के डाउनस्ट्रीम में जहां 1.22 लाख क्यूसेक से अधिक पानी का बहाव है, वहीं भीमनगर कोसी तटबंध सुरक्षा (BKS) के पास शाम 4 बजे जलप्रवाह 86,250 क्यूसेक दर्ज किया गया। राहत की बात यह है कि वर्तमान जलप्रवाह अभी खतरे के स्तर से नीचे बना हुआ है। हालांकि, नेपाल के पहाड़ी इलाकों में हो रही लगातार वर्षा को देखते हुए विभाग कोई जोखिम नहीं लेना चाहता और स्थिति पर चौबीसों घंटे पैनी नजर रखी जा रही है।


तटबंध सुरक्षा कर्मियों और अभियंताओं को हाई अलर्ट

जलस्तर में उतार-चढ़ाव को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने कोसी तटबंधों की सुरक्षा में लगे सभी कनीय व सहायक अभियंताओं और सुरक्षा कर्मियों को पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं। बराज के सभी फाटकों और संवेदनशील स्परों (Spurs) की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित रिसाव या कटाव की स्थिति में त्वरित कदम उठाए जा सकें।


नदी तटीय क्षेत्र के लोगों से सतर्क रहने की अपील

नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने कोसी नदी के किनारे और निचले बहाव वाले क्षेत्रों (दियारा) में बसे लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन ने ग्रामीणों से कहा है कि वे जलस्तर सामान्य होने तक नदी के बहाव क्षेत्र में अनावश्यक आवाजाही से बचें, मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर रखें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय अधिकारियों को सूचित कर उनके निर्देशों का पालन करें।


फिलहाल कोई खतरा नहीं, लगातार हो रही है मॉनिटरिंग: चीफ इंजीनियर

जल संसाधन विभाग के चीफ इंजीनियर संजीव शैलेश ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में बताते हुए कहा कि कोसी बराज के जलस्तर और डिस्चार्ज की हर घंटे मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने साफ किया कि फिलहाल बाढ़ जैसी किसी बड़ी आपदा का कोई खतरा नहीं है, लेकिन अगर नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में भारी वर्षा का सिलसिला जारी रहता है, तो आने वाले दिनों में बराज से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा में और इजाफा किया जा सकता है।

विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट