सुपौल के 2.37 लाख पेंशनधारियों के खातों में पहुंचे 27.23 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री ने की डीबीटी

बिहार सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत राज्य के जरूरतमंदों को बड़ा आर्थिक संबल दिया गया है, जिसके तहत सीएम सम्राट चौधरी ने डीबीटी के माध्यम से राज्यभर के लाभार्थियों के खातों में राशि ट्रांसफर की है...

सुपौल के 2.37 लाख पेंशनधारियों के खातों में पहुंचे 27.23 करोड़ रुपये- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के लिए बुधवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। बिहार सरकार द्वारा जरूरतमंदों को आर्थिक संबल देने के लिए राज्यव्यापी स्तर पर पेंशन राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई। पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए कुल 94 लाख 29 हजार 698 लाभार्थियों के खातों में 1100 रुपये प्रति लाभार्थी की दर से 1096 करोड़ 44 लाख 46 हजार रुपये का अंतरण किया। इस महा-अभियान के तहत सुपौल जिले के 2 लाख 37 हजार 378 लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल 27 करोड़ 23 लाख 42 हजार 600 रुपये की राशि सफलतापूर्वक ट्रांसफर की गई।


मुख्यमंत्री वृद्धजन योजना के लाभार्थियों को मिला सबसे ज्यादा लाभ

सुपौल जिले में संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत बड़े पैमाने पर लोगों को लाभान्वित किया गया। इसमें सबसे अधिक लाभ 'मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना' को मिला, जिसके तहत 1 लाख 55 हजार 746 वृद्ध नागरिकों के खातों में 18 करोड़ 15 लाख 41 हजार 400 रुपये भेजे गए। इसके अतिरिक्त, 'इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना' के तहत 44 हजार 619 लाभार्थियों को 4 करोड़ 92 लाख 55 हजार 300 रुपये और 'लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना' के तहत 10 हजार 454 लाभार्थियों को 1 करोड़ 19 लाख 4 हजार 400 रुपये की राशि प्रदान की गई।


विधवा और दिव्यांग लाभार्थियों को भी मिली आर्थिक सहायता

इस कल्याणकारी पहल के तहत समाज के अन्य असहाय और जरूरतमंद वर्गों का भी पूरा ख्याल रखा गया। 'इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना' के अंतर्गत सुपौल जिले की 12 हजार 313 महिलाओं के खातों में 1 करोड़ 37 लाख 50 हजार रुपये की सहायता राशि भेजी गई। वहीं, दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 'बिहार निःशक्तता पेंशन योजना' के 13 हजार 516 लाभार्थियों को 1 करोड़ 50 लाख 85 हजार 200 रुपये तथा 'इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना' के 730 लाभार्थियों को 8 लाख 6 हजार 300 रुपये हस्तांतरित किए गए।


लहटन चौधरी सभागार में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन

राज्यस्तरीय कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के लिए सुपौल जिला मुख्यालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में एक भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी सावन कुमार, उप विकास आयुक्त सारा अशरफ, एनईपी डीआरडीए के निदेशक अनित कुमार और जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के प्रभारी दिवेश कुमार शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभागार में उपस्थित 100 से अधिक पेंशन लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री के लाइव कार्यक्रम को देखा, जिसके बाद अधिकारियों ने उनसे सीधा संवाद कर सरकारी योजनाओं की फीडबैक ली।


डीबीटी से खत्म हुए बिचौलिए, पारदर्शिता आने से लाभार्थियों ने जताया आभार

कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि डीबीटी (DBT) व्यवस्था लागू होने से पेंशन वितरण प्रणाली पूरी तरह पारदर्शी और प्रभावी हो गई है। अब लाभार्थियों को बिचौलियों या दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ते और राशि सीधे उनके बैंक खातों में समय पर पहुंच जाती है। समय पर पेंशन मिलने से उत्साहित बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांग लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस महंगाई के दौर में यह राशि उनकी दवा, भोजन और अन्य दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने में एक सम्मानजनक आधार बनेगी।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट