स्नान करने के दौरान कोसी नदी में डूबी 3 साल की बच्ची, गोताखोर और NDRF की टीम तलाश में जुटी

कोसी नदी में डूबी 3 साल की बच्ची- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के निर्मली अंचल अंतर्गत दिघिया गांव से बुधवार को एक दुखद हादसा सामने आया है, जहां कोसी नदी में स्नान करने गई तीन वर्षीय बच्ची गहरे पानी में डूबकर लापता हो गई। घटना निर्मली थाना क्षेत्र के दिघिया (वार्ड संख्या-2) की है। लापता मासूम बच्ची की पहचान स्थानीय निवासी प्रमोद कुमार मुखिया की तीन वर्षीय पुत्री शिवानी कुमारी के रूप में की गई है। इस घटना के बाद से ही पूरे गांव में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।


पैर फिसलने से गहरे पानी में गई मासूम, कोसी की तेज धार में हुई ओझल 

मिली जानकारी के अनुसार, नन्हीं शिवानी गांव की अन्य बच्चियों के साथ खेलते-खेलते कोसी नदी के किनारे स्नान करने गई थी। इसी दौरान नदी में उतरते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर गहरे पानी में चली गई। कोसी नदी की तेज धार के कारण देखते ही देखते बच्ची आंखों के सामने से ओझल हो गई। साथ गई बच्चियों द्वारा शोर मचाने पर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्ची की खोजबीन शुरू की।


मौके पर पहुंच प्रशासनिक टीम, गोताखोरों ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन 

स्थानीय ग्रामीणों द्वारा काफी मशक्कत और खोजबीन किए जाने के बावजूद जब बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला, तो घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस व अंचल प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही निर्मली के अंचल अधिकारी (सीओ) विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। प्रशासन ने बिना कोई समय गंवाए स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में सघन तलाशी अभियान शुरू कराया।


एनडीआरएफ की टीम को किया गया अलर्ट, रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी 

नदी के विशाल पाट और तेज बहाव को देखते हुए अंचल प्रशासन ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) को भी तत्काल सूचना दी है, ताकि रेस्क्यू ऑपरेशन को और व्यापक बनाया जा सके। मौके पर मौजूद पुलिस और अंचल की टीम गोताखोरों तथा नावों के जरिए नदी के विस्तृत इलाके में बच्ची की तलाश कर रही है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि बच्ची का सुराग लगाने के लिए सभी संभावित स्थलों पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।


परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, बच्ची के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए ग्रामीण 

मासूम बच्ची के नदी में लापता होने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। बच्ची की मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव के लोग और परिजन ईश्वर से प्रार्थना करते हुए बच्ची के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। वहीं, प्रशासनिक टीम लगातार नदी के तटीय इलाकों में खोजबीन में जुटी हुई है।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट