सुपौल में 74 समेकित स्वास्थ्य शिविरों का शुभारंभ, घर-घर तक पहुंचेगी स्वास्थ्य सेवाएं : डीएम

सुपौल जिले में ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक बड़ी पहल की शुरुआत हुई है। जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और सामाजिक संगठनों के सहयोग से जिले भर में 74 समेकित स्वास्थ्य शिविरों का शुभारंभ किया गया है...

सुपौल में 74 समेकित स्वास्थ्य शिविरों का शुभारंभ- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले में आम लोगों को उनके घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की गई। जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, बिहार स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी (बीएसएसीएस) तथा बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति (बीजीजेएएस) के संयुक्त तत्वावधान में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 74 समेकित स्वास्थ्य शिविरों का शुभारंभ किया गया। किशनपुर प्रखंड के मलाढ़ पंचायत में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी सावन कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।


स्वस्थ शरीर ही समग्र विकास की आधारशिला: जिलाधिकारी

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही किसी भी व्यक्ति के समग्र विकास की आधारशिला है। यदि व्यक्ति स्वस्थ रहेगा तभी वह शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जीवन में बेहतर योगदान दे सकेगा। उन्होंने कहा कि कई बार ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए जिले में इन शिविरों का आयोजन किया गया है। डीएम ने आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं, जीविका दीदियों और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक लोगों को शिविरों तक लाने में सहयोग करें।


सभी शिविरों में तैनात रहेगी डॉक्टरों और लैब तकनीशियनों की टीम

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन ने कहा कि जिले के सभी 74 शिविरों में प्रशिक्षित चिकित्सकों, नर्सों, लैब तकनीशियनों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम तैनात की गई है। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच, परामर्श तथा आवश्यक चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी समय-समय पर निरीक्षण कर सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करेंगे। वहीं, बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति के कार्यपालक निदेशक कौशलेंद्र कुमार ने इस अभियान को राज्य में एक आदर्श मॉडल बताया।


डीएम ने स्वयं कराई एचआईवी, ब्लड शुगर सहित कई जांचें, दिया जागरूकता का संदेश

कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायक क्षण तब देखने को मिला जब जिलाधिकारी सावन कुमार ने स्वयं विभिन्न स्वास्थ्य जांच कराकर आम लोगों को जागरूक होने का संदेश दिया। उन्होंने एचआईवी, ब्लड शुगर, सिफिलिस, ब्लड प्रेशर, हेपेटाइटिस-बी तथा हेपेटाइटिस-सी सहित कई जांच कराईं। जिलाधिकारी ने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच से कई गंभीर बीमारियों का समय रहते पता लगाया जा सकता है और उचित उपचार संभव हो पाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की झिझक छोड़कर स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य कराएं।


शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, स्वास्थ्य अधिकारियों ने जताया आभार

उद्घाटन के बाद शिविर में उपस्थित ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया और विभिन्न बीमारियों की जांच कराई। कार्यक्रम में किशनपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा टीम, डीपीएम, बीएचएम, बीसीओ, डीआईएस बंधु नाथ झा, लैब टेक्नीशियन चंदन कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जिला स्वास्थ्य समिति के जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) ने सभी अतिथियों और ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस अभियान से जिले में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक नई मिसाल स्थापित होगी।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट