सत्र 2026-30 के लिए सुपौल इंजीनियरिंग कॉलेज में नामांकन प्रक्रिया शुरू, 7 शाखाओं की 420 सीटों पर होगा दाखिला

इंजिनियरिंग की पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी खबर है। सुपौल इंजिनियरिंग कॉलेज में सत्र 2026-30 के लिए बी.टेक में नामांकन की प्रक्रिया शुरु हो गई है। इस नए सत्र में विभिन्न इंजीनियरिंग शाखाओं को मिलाकर कुल 420 सीटों पर दाखिला होगा....

सुपौल इंजीनियरिंग कॉलेज में नामांकन प्रक्रिया शुरू- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में कदम रखने वाले छात्रों के लिए एक बड़ी खबर है। सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय (Supaul College of Engineering) में शैक्षणिक सत्र 2026-30 के लिए बीटेक (B.Tech) में नामांकन की प्रक्रिया जोर-शोर से शुरू हो गई है। बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (BCECEB) द्वारा आयोजित UGEAC-2026 काउंसलिंग के प्रथम चरण के तहत चयनित अभ्यर्थियों का नामांकन और दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) का कार्य 7 जुलाई से शुरू हो चुका है, जो 9 जुलाई तक चलेगा।


इन 7 आधुनिक इंजीनियरिंग शाखाओं में मिलेगा प्रवेश

महाविद्यालय प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, इस नए सत्र में विभिन्न इंजीनियरिंग शाखाओं को मिलाकर कुल 420 सीटों पर मेधावी छात्रों का दाखिला लिया जाएगा। कॉलेज में पारंपरिक कोर्स के साथ-साथ आज के दौर के कई आधुनिक विषय भी शामिल हैं:

  • सिविल इंजीनियरिंग (Civil Engineering)
  • मैकेनिकल इंजीनियरिंग (Mechanical Engineering)
  • इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (Electrical Engineering)
  • इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (ECE)
  • कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE)
  • आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (Artificial Intelligence - AI)
  • मैथमेटिक्स एंड कंप्यूटिंग (Mathematics & Computing)


नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति पर विशेष जोर: प्राचार्य

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एन. मिश्रा ने बताया कि पूरी प्रवेश प्रक्रिया बिहार सरकार एवं बिहार इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय (BEU) के सख्त दिशा-निर्देशों के तहत पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है। उन्होंने कॉलेज की खूबियों पर बात करते हुए कहा:

"महाविद्यालय में विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की तकनीकी शिक्षा देने के लिए आधुनिक प्रयोगशालाएं (Labs), डिजिटल स्मार्ट क्लास, समृद्ध पुस्तकालय, वाई-फाई परिसर और अनुभवी शिक्षकों की टीम मौजूद है। हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें नवाचार (Innovation), अनुसंधान (Research) और स्टार्टअप संस्कृति से जोड़कर उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप एक कुशल अभियंता और जिम्मेदार नागरिक बनाना है।"


विद्यार्थियों की मदद के लिए बने हेल्प डेस्क, ये डॉक्यूमेंट्स लाना अनिवार्य

नामांकन प्रभारी आशीष आनंद ने बताया कि दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए कॉलेज परिसर में विशेष सहायता काउंटर (Help Desk) बनाए गए हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से समय पर आकर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।


विद्यार्थी इन बातों का रखे ध्यान : 

नामांकन के लिए कॉलेज आते समय अभ्यर्थी अपने साथ सीट आवंटन पत्र (Allocation Letter), JEE Main/UGEAC के दस्तावेज, 10वीं व 12वीं के अंकपत्र और मूल प्रमाण-पत्र, टीसी/सीएलसी, चरित्र प्रमाण-पत्र, निवास, जाति व आय प्रमाण-पत्र, सरकारी पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड) और पासपोर्ट साइज फोटो सहित सभी जरूरी कागजात अवश्य साथ लाएं।


प्राचार्य डॉ. ए. एन. मिश्रा ने अंत में सभी छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को सचेत करते हुए अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाहों या बिचौलियों के झांसे में न आएं और केवल कॉलेज की आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट