सुपौल में कुल्हाड़ी के वार से घायल अशोक मुखिया की मौत, आक्रोशित परिजनों ने NH-91 किया जाम

मुखिया की मौत पर आक्रोशित परिजनों ने NH-91 किया जाम- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जीवछपुर पंचायत के वार्ड संख्या 8 में तीन दिन पूर्व कुल्हाड़ी से हमले में गंभीर रूप से घायल अशोक मुखिया ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश फैल गया। शुक्रवार को आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-91) को बांस-बल्ला लगाकर जाम कर दिया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर उग्र प्रदर्शन किया।


तीन दिन पूर्व रात में हुआ था जानलेवा हमला 

घटना के संबंध में बताया जाता है कि तीन दिन पूर्व देर रात करीब 3 बजे अशोक मुखिया समेत तीन लोगों पर कुल्हाड़ी से अचानक जानलेवा हमला किया गया था। इस हमले में तीनों लोग घायल हो गए थे, जिनमें अशोक मुखिया की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई थी। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।


सड़क पर उतरा परिजनों का गुस्सा, यातायात रहा बाधित 

अशोक मुखिया की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों के सब्र का बांध टूट गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए। NH-91 पर बांस-बल्ली लगाकर आवागमन को पूरी तरह ठप कर दिया गया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारी पुलिस प्रशासन से मुख्य आरोपी की अविलंब गिरफ्तारी और मामले में कठोरतम कानूनी सजा की मांग पर अड़े रहे।


पुलिस ने समझा-बुझाकर हटाया जाम, मुख्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार 

घटना की सूचना मिलते ही भीमपुर थाना पुलिस पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि घटना के तुरंत बाद पीड़ित के लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया था और एक नामजद आरोपी श्याम मुखिया को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।


पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, आगे की कानूनी कार्रवाई जारी 

थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया है। पुलिस ने परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन देकर समझा-बुझाकर सड़क जाम समाप्त करवाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से छानबीन कर रही है और घटना से जुड़े अन्य संभावित कारणों व संलिप्त लोगों की पड़ताल में जुटी है।

विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट