महाअष्टमी पर भक्तिमय हुआ माहौल: मंदिरों और पूजा पंडालों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, मां महागौरी की हुई विशेष आराधना

महाअष्टमी पर भक्तिमय हुआ माहौल- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : शारदीय नवरात्र की महाअष्टमी के पावन अवसर पर रविवार को सुपौल जिले में मां दुर्गा की आराधना को लेकर श्रद्धा, उल्लास और भक्ति का माहौल पूरी तरह चरम पर रहा। मां दुर्गा के अष्टम स्वरूप माता महागौरी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के लिए सुबह से ही शहर के तमाम मंदिरों और भव्य पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। जिला मुख्यालय के निराला नगर स्थित ऐतिहासिक बड़ी दुर्गा स्थान से लेकर गांधी मैदान और माल गोदाम परिसर तक उत्सव की अद्भुत रौनक देखने को मिली। दुर्गा सप्तशती के मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और घंटियों की गूंज के बीच संपूर्ण सुपौल जिला माता के जयकारों से पूरी तरह भक्तिमय नजर आया।


बड़ी दुर्गा स्थान और प्रमुख पंडालों में रही दिनभर भारी चहल-पहल

निराला नगर स्थित ऐतिहासिक बड़ी दुर्गा स्थान नवरात्र के इन दिनों में श्रद्धालुओं कीगाढ़ आस्था का मुख्य केंद्र बना हुआ है। महाअष्टमी की सुबह से ही मां के दर्शन और पूजन के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। परिवार के साथ पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में माथा टेककर अपने परिवार के लिए सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। 


वहीं, शहर के गांधी मैदान और रेलवे माल गोदाम परिसर में सजे आकर्षक और भव्य दुर्गा पूजा पंडालों में भी विशेष उत्साह देखा गया। रंग-बिरंगी रोशनी और शानदार सजावट से सजे इन पंडालों में शाम होते ही महाआरती में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।


ग्रामीण अंचलों में भी दिखा नवरात्र का भारी उत्साह, सुख-समृद्धि की कामना

केवल जिला मुख्यालय ही नहीं, बल्कि सुपौल जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में भी महाअष्टमी पर गजब का उत्साह देखने को मिला। विभिन्न गांवों के मंदिरों और पूजा स्थलों पर लोगों ने पारंपरिक विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की और सामूहिक आरती में भाग लिया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार माता महागौरी को शांति, पवित्रता और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। इस अवसर पर महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं ने मां को फूल, फल, प्रसाद और चुनरी अर्पित कर मंगल कामना की। नवरात्र के इस अंतिम चरण में चारों तरफ फैली आध्यात्मिक ऊर्जा और उत्सव ने पूरे जिले को एक नई रंगत दे दी है।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट