वंदे मातरम् विवाद पर भाजयुमो का प्रदर्शन: कांग्रेस कार्यालय के बाहर सोनिया-राहुल का फूंका पुतला

वंदे मातरम् विवाद पर भाजयुमो का प्रदर्शन- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले मे स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के गायन को लेकर हुए विवाद के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने रविवार को जोरदार आक्रोश मार्च निकाला। भाजयुमो के जिलाध्यक्ष जयंत मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गांधी मैदान स्थित दुर्गा मंदिर से कांग्रेस कार्यालय तक पैदल मार्च कर विरोध प्रदर्शन किया।


सोनिया और राहुल गांधी का पुतला दहनकांग्रेस पर तुष्टीकरण का आरोप 

कांग्रेस कार्यालय पहुंचे भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व सोनिया गांधी और राहुल गांधी का पुतला फूंका। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता डॉ. विजय शंकर चौधरी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी तुष्टीकरण की राजनीति के कारण हमेशा से राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान दिखाने में असहज रही है।


'वंदे मातरम् केवल गीत नहींहमारी राष्ट्रीय चेतना' 

भाजयुमो जिलाध्यक्ष जयंत मिश्रा ने कहा कि 'वंदे मातरम्' सिर्फ एक राष्ट्रगीत नहीं, बल्कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम का अमर उद्घोष और राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक है। उन्होंने मांग की कि कांग्रेस नेतृत्व को स्वतंत्रता सेनानियों और देशवासियों की भावनाओं को आहत करने के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। नेताओं ने कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मामले में उचित कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।


प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा व भाजयुमो कार्यकर्ता रहे मौजूद 

आक्रोश मार्च और पुतला दहन कार्यक्रम में भाजपा व भाजयुमो के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष सरोज झा, जिला प्रवक्ता रणधीर ठाकुर, मनोज पाठक, सरिता मिश्रा, भाजयुमो जिला महामंत्री राजेश कुमार साह, जयबीर यादव, अशोक सम्राट, विशाल कुमार मिश्रा, अभिमन्यु पासवान और पिंकी देवी सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट