कोसी-मेची लिंक परियोजना की प्रगति से संतुष्ट दिखे सीएम सम्राट, अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में दिए कई निर्देश

सीएम सम्राट चौधरी ने अपने सुपौल दौरे के दौरान विशनपुर गुलामी स्थित कोसी-मेची लिंक परियोजना (चैनल संख्या 18) का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अब तक की प्रगति पर संतोष जताया और अधिकारियों को कई सख्त निर्देश दिए....

कोसी-मेची लिंक परियोजना का सीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सुपौल के बलुआ में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र की प्रतिमा के अनावरण के पश्चात विशनपुर गुलामी स्थित कोसी-मेची लिंक परियोजना (चैनल संख्या 18) का स्थलीय निरीक्षण किया। मौके पर ऋत्विक प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर सीएम राजेश एवं जल संसाधन विभाग के सचिव चंद्रशेखर सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।


वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से ली परियोजना की जानकारी

निरीक्षण स्थल पर आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस प्रस्तुति के माध्यम से मुख्यमंत्री को परियोजना की वर्तमान स्थिति, अब तक हुए निर्माण कार्यों तथा आगामी योजनाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। लगभग 10 मिनट तक चली इस प्रस्तुति के दौरान सीएम ने परियोजना के मुख्य पहलुओं की बारीकी से समीक्षा की और अब तक की प्रगति पर संतोष जताया।


कैंप कार्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

निरीक्षण के बाद ऋत्विक प्रोजेक्ट्स के कैंप कार्यालय में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, जल संसाधन सचिव चंद्रशेखर सिंह, सुपौल के डीएम सावन कुमार, एसपी सरथ आरएस तथा स्थानीय विधायक नीरज कुमार सिंह सहित विभाग व निर्माण कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।


समय-सीमा और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

समीक्षा बैठक के दौरान निर्माण एजेंसी ने कार्य में आ रही व्यावहारिक चुनौतियों और उपलब्धियों का ब्योरा प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभी कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों व निर्माण एजेंसी को सख्त निर्देश दिया कि परियोजना को पूरी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए।



विभागीय अधिकारी व कंपनी प्रतिनिधि रहे मौजूद

इस महत्वपूर्ण बैठक में केनाल के चीफ इंजीनियर अनिल कुमार, अधीक्षण अभियंता अफजल आलम, कार्यपालक अभियंता राजेश कुमार के अलावा ऋत्विक प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड के प्रोजेक्ट हेड विवि रमन्ना तथा टेक्निकल टीम के वरिष्ठ सदस्य और कर्मी उपस्थित रहे।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट