'हर घर तिरंगा' अभियान को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां तेज, डीएम ने जिलेवासियों से की यह अपील
"हर घर तिरंगा अभियान" को जन-आंदोलन बनाने के लिए सुपौल जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। गुरुवार को डीएम की अध्यक्षता में जिला, अनुमंडल व प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, एनसीसी, स्काउट एवं गाइड के साथ बैठक की.....
Supaul : स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित होने वाले "हर घर तिरंगा अभियान" को जन-आंदोलन बनाने के लिए सुपौल जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में जिला, अनुमंडल व प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, एनसीसी, स्काउट एवं गाइड तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में अभियान को व्यापक, प्रभावकारी और जनसहभागिता से परिपूर्ण बनाने की रूपरेखा तैयार की गई।
12 अगस्त को लोहिया चौक से गांधी मैदान तक निकलेगी विशाल तिरंगा यात्रा
बैठक का मुख्य आकर्षण 12 अगस्त को आयोजित होने वाली जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा रही। तय रणनीति के अनुसार, 12 अगस्त की सुबह 9:00 बजे लोहिया चौक से भव्य तिरंगा यात्रा प्रारंभ होगी, जो शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए गांधी मैदान पर समाप्त होगी। इस यात्रा में विद्यार्थियों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, सरकारी कर्मचारियों और स्वयंसेवी संस्थाओं की रिकॉर्ड भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले के सभी प्रखंडों व पंचायतों में आयोजित होंगे विविध सांस्कृतिक व खेल कार्यक्रम जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले के प्रत्येक प्रखंड, पंचायत, विद्यालय व महाविद्यालय स्तर पर तिरंगा रैली, साइकिल रैली, ई-बाइक रैली, "वंदे मातरम्" का सामूहिक गायन, तिरंगा प्रदर्शनी और "सेल्फी विद तिरंगा" जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। इसके अलावा शैक्षणिक संस्थानों में राष्ट्रभक्ति से जुड़े भाषण, निबंध, चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिताओं के जरिए छात्रों को जागरूक किया जाएगा।
सुरक्षा, यातायात और दस्तावेजीकरण को लेकर अधिकारियों की जवाबदेही तय
डीएम सावन कुमार ने यात्रा मार्ग पर सुगम यातायात व्यवस्था, पुख्ता सुरक्षा प्रबंध, प्रतिभागियों के लिए पेयजल व जरूरी सुविधाएं तथा राष्ट्रीय ध्वज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का आदेश दिया। साथ ही, पूरे अभियान की प्रभावी रिकॉर्डिंग, फोटोग्राफी व दस्तावेजीकरण (Documentation) करने का भी निर्देश जारी किया गया है ताकि सोशल मीडिया और स्थानीय मीडिया के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार हो सके।
जिला प्रशासन ने सुपौलवासियों से की अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील
बैठक के अंत में जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों, प्रतिष्ठानों और निजी संस्थानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं तथा 12 अगस्त की तिरंगा यात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त (DDC), अपर समाहर्ता सहित जिला प्रशासन के सभी वरीय पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट