जिलाधिकारी ने ईवीएम और वीवीपैट वेयरहाउस का किया मासिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

डीएम ने ईवीएम और वीवीपैट वेयरहाउस का किया निरीक्षण- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के कड़े दिशा-निर्देशों के आलोक में मंगलवार को सुपौल के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी (DM) सावन कुमार ने जिला मुख्यालय स्थित ईवीएम (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) वेयरहाउस का मासिक बाह्य निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, कमरों के तालों पर लगी सील और सुरक्षा मानकों का बेहद गहनता से अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर तैनात सुरक्षा बलों और अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक न होने देने के कड़े निर्देश दिए।


जुलाई 2026 के तहत निर्धारित प्रक्रिया हुई पूरी 

निर्वाचन आयोग के तय मानकों के अनुसार, प्रत्येक माह ईवीएम और वीवीपैट वेयरहाउस का बाह्य (बाहरी) निरीक्षण करना अनिवार्य होता है, जबकि हर तीन महीने पर वेयरहाउस के कमरों को खोलकर आंतरिक भौतिक सत्यापन किया जाता है। इसी नियम के तहत जुलाई 2026 के लिए निर्धारित मासिक बाह्य निरीक्षण की प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र की इस सबसे महत्वपूर्ण बुनियादी मशीनरी की सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे गवाह

इस निरीक्षण प्रक्रिया की सबसे खास बात यह रही कि इसे पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए जिले के सभी राष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्षों, सचिवों अथवा उनके अधिकृत प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था। राजनीतिक दलों के नेताओं की सीधी मौजूदगी में वेयरहाउस के मुख्य द्वारों पर लगी सील की जांच की गई और उनसे संतुष्टि पत्र भी लिए गए, ताकि भविष्य में निष्पक्षता को लेकर कोई सवाल न उठे।


अधिकारियों को मिले कड़े निर्देशसुरक्षा पर विशेष नजर

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सावन कुमार ने वेयरहाउस की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों के लॉग-बुक, ड्यूटी रोस्टर और वहां रखे गए आधिकारिक अभिलेखों (रजिस्टर) की भी बारिकी से जांच की। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित एसओपी (SOP) का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। वेयरहाउस परिसर और उसके आसपास 24 घंटे कड़ी निगरानी रखने और सीसीटीवी (CCTV) कैमरों को हमेशा एक्टिव मोड में रखने की बात कही गई।


मौके पर मौजूद रहा प्रशासनिक अमला

इस महत्वपूर्ण मासिक निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के साथ जिले के उप निर्वाचन पदाधिकारी अनिरुद्ध प्रसाद यादव, प्रभारी पदाधिकारी (ईवीएम वेयरहाउस)-सह-अवर निर्वाचन पदाधिकारी सहित चुनाव कार्यालय के कई मुख्य कर्मी और सुरक्षा अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने अंत में आश्वस्त किया कि ईवीएम व वीवीपैट की सुरक्षा और निर्वाचन प्रणाली के प्रति आम जनता के विश्वास को मजबूत बनाए रखने के लिए आयोग के सभी उच्च मानकों का नियमित रूप से कड़ाई से पालन किया जा रहा है।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट