डीएम ने मरौना प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, फार्मर रजिस्ट्री की धीमी गति पर जताई नाराजगी
Supaul : जिलाधिकारी सावन कुमार ने बुधवार को मरौना प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्मली एवं मरौना अनुमंडल, प्रखंड तथा अंचल स्तर के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं निर्देश दिए।
फार्मर रजिस्ट्री की धीमी प्रगति पर असंतोष और सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष रूप से फार्मर रजिस्ट्री कार्य की प्रगति की समीक्षा की। कार्य की धीमी गति पर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने प्रखंड कृषि पदाधिकारी एवं अनुमंडल कृषि पदाधिकारी को इसमें तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया। साथ ही, अंचलाधिकारी मरौना को भी इस कार्य में आवश्यक सहयोग एवं समन्वय स्थापित करने को कहा गया।
सेवा संकल्प, कायाकल्प और पीएम सूर्यघर योजना की प्रगति की समीक्षा
डीएम ने सरकार के महत्वपूर्ण सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की और संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया। इसके अलावा, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभुकों को योजना से जोड़ने तथा निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
बैठक में उपस्थित रहे प्रमुख प्रशासनिक अधिकारी
इस औचक निरीक्षण और समीक्षा बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी (निर्मली), प्रखंड विकास पदाधिकारी (मरौना एवं निर्मली), अंचलाधिकारी (मरौना एवं निर्मली), राजस्व अधिकारी (मरौना), प्रखंड कृषि पदाधिकारी (मरौना) तथा अनुमंडल कृषि पदाधिकारी (निर्मली) सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट