डीएम ने विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण: कक्षा चार के बच्चे नहीं पढ़ पाए हिंदी, शिक्षक और प्रधानाध्यापक को लगाई कड़ी फटकार

डीएम ने विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले में शिक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी सावन कुमार ने गुरुवार को सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। पूर्वाह्न करीब 11 बजे उन्होंने सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल), जनता फागू मेहता उच्च माध्यमिक विद्यालय और प्राथमिक विद्यालय बैसा पहुंचकर पठन-पाठन और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया।


उपस्थिति पंजी और शिक्षण तैयारियों की जांचआईसीटी लैब मिला संतोषजनक 

निरीक्षण के दौरान डीएम ने शिक्षकों की उपस्थिति पंजी की जांच की, जिसमें पदस्थापित 12 शिक्षकों में से 10 उपस्थित पाए गए। एक शिक्षिका मातृत्व अवकाश पर और एक शिक्षक आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण में थे। स्कूलों में कक्षाओं का संचालन सुचारू मिलने के साथ ही शिक्षकों द्वारा तैयार पाठ-टिप्पणियों और साप्ताहिक मूल्यांकन उत्तर पुस्तिकाओं का अवलोकन किया गया। विद्यार्थियों की प्रगति और शिक्षकों की तैयारी से संतुष्ट होकर डीएम ने उनका उत्साहवर्धन किया। इसके अलावा विद्यालयों में संचालित आईसीटी लैब, आईएसएम लैब, स्मार्ट क्लास और शौचालयों की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।


वर्ग कक्ष की कमी पर प्राथमिक और कबियाही विद्यालय को एक साथ चलाने का निर्देश परिसर में संचालित प्राथमिक विद्यालय बैसा और प्राथमिक विद्यालय कबियाही (शिफ्ट) के निरीक्षण के दौरान वर्ग कक्ष की कमी को देखते हुए डीएम ने दोनों विद्यालयों का पठन-पाठन एक साथ संचालित करने का निर्देश दिया ताकि बच्चों को बैठने में असुविधा न हो।


हिंदी पाठ न पढ़ पाने पर भड़के डीएमकमजोर बच्चों के लिए विशेष कक्षा का आदेश प्राथमिक विद्यालय बैसा में निरीक्षण के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई, जब कक्षा चार के कुछ बच्चे हिंदी का पाठ धाराप्रवाह नहीं पढ़ सके। इस पर डीएम ने गहरी नाराजगी जताते हुए संबंधित वर्ग शिक्षक और प्रधानाध्यापक को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कमजोर बच्चों के लिए विशेष कक्षाओं का आयोजन कर उन्हें शैक्षणिक रूप से मुख्यधारा में लाने का सख्त निर्देश दिया।


बीईओ को स्पष्टीकरण मांगने और लगातार मॉनिटरिंग का निर्देश 

मौके पर मौजूद प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश देते हुए डीएम ने संबंधित प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगने तथा विद्यालयों का लगातार निरीक्षण करते रहने को कहा। इस औचक निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। 

विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट