कोसी कटाव प्रभावित क्षेत्रों का डीएम ने किया निरीक्षण, पीड़ितों के बीच बांटी गई राहत सामग्री

सुपौल जिले में कोसी नदी के जलस्तर में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव पर जिला प्रशासन पूरी तरह नजर बनाए हुए है। बुधवार को डीएम ने कटाव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर वहा चल रहे राहत कार्यों का जायजा लिया और कई सख्त निर्देश दिए.....

कटाव प्रभावित क्षेत्रों का डीएम ने किया निरीक्षण- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : कोसी नदी के जलस्तर में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव को देखते हुए सुपौल जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बुधवार को जिलाधिकारी सावन कुमार ने किशनपुर अंचल की दुबियाही पंचायत (वार्ड संख्या 6 एवं 7) तथा सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड की ढोली पंचायत का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोसी नदी के कटाव से प्रभावित परिवारों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।


प्रभावित परिवारों के बीच तत्काल बांटी गई पॉलीथीन शीट्स

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कटाव पीड़ितों की आवश्यकताओं का त्वरित आकलन किया और अधिकारियों को अविलंब राहत उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। प्रशासन की ओर से बेघर और प्रभावित परिवारों को बारिश व प्रतिकूल मौसम से सुरक्षित रखने के लिए तत्काल पॉलीथीन शीट्स का वितरण कराया गया।


संवेदनशील इलाकों की 24x7 निगरानी और त्वरित राहत के निर्देश

जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि कोसी तटबंध और संवेदनशील इलाकों की चौबीसों घंटे निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दल को अलर्ट मोड पर रखा गया है और आवश्यकता अनुसार पीड़ितों को हरसंभव प्रशासनिक मदद तुरंत मुहैया कराई जाएगी।


अफवाहों से बचने की अपील, कंट्रोल रूम नंबर 06473-224005 जारी

डीएम सावन कुमार ने आम जनता से अपील की है कि वे कटाव और जलस्तर को लेकर फैलने वाली किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। उन्होंने आपात स्थिति या किसी भी जानकारी के लिए जिला नियंत्रण कक्ष का हेल्पलाइन नंबर 06473-224005 जारी करते हुए तुरंत संपर्क करने की सलाह दी।


निरीक्षण के दौरान आपदा प्रबंधन अधिकारी व पुलिस बल रहे मौजूद

इस स्थलीय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के साथ अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) मो. तारिक, अनुमंडल पदाधिकारी मनोहर साहू, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी चंद्रभूषण कुमार, तथा किशनपुर व सरायगढ़-भपटियाही के अंचल अधिकारी (CO) समेत कई मुख्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट