सुपौल-अररिया नई रेल लाइन परियोजना का DM ने किया निरीक्षण : 7 नहर पुलों के लिए जल्द NOC लेने के दिए निर्देश

सुपौल-अररिया नई रेल लाइन परियोजना का DM ने किया निरीक्षण - फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : सुपौल-अररिया नई रेल लाइन परियोजना को रफ्तार देने के लिए गुरुवार को जिलाधिकारी सावन कुमार ने त्रिवेणीगंज से जदिया रेलखंड का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और रास्ते में आ रही प्रशासनिक व तकनीकी बाधाओं को दूर कर परियोजना को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।


7 नहरों पर बनने हैं पुल, सिंचाई विभाग से तुरंत NOC का आदेश

निरीक्षण के दौरान अलाइनमेंट की जांच में पाया गया कि त्रिवेणीगंज-जदिया रेलखंड के बीच करीब सात स्थानों पर नहरें आ रही हैं, जहां रेल पुलों का निर्माण आवश्यक है। इसके लिए सिंचाई विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) की जरूरत है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सिंचाई विभाग के साथ समन्वय बनाकर सभी आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी करें ताकि पुल निर्माण का काम बिना रुकावट शुरू हो सके।


रूट में आने वाली संरचनाओं को खाली कराने और बिना बाधा वाले स्थानों पर काम तेज करने का निर्देश

डीएम सावन कुमार ने राजस्व एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रस्तावित रेल रूट में आ रही सभी पुरानी संरचनाओं और अतिक्रमण को नियमानुसार जल्द से जल्द खाली कराया जाए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि परियोजना में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जहां भूमि पूरी तरह उपलब्ध है, वहां काम तुरंत तेज किया जाए और सुरक्षा व गुणवत्ता के मानकों का कड़ाई से पालन हो।


कोसी क्षेत्र के आर्थिक विकास, व्यापार और यात्रियों के लिए साबित होगी मील का पत्थर

सुपौल-अररिया रेल लाइन परियोजना को कोसी इलाके के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। इस रेल लाइन के शुरू होने से सुपौल, त्रिवेणीगंज, जदिया और अररिया के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। इससे न केवल आम यात्रियों और छात्रों की आवागमन की राह आसान होगी, बल्कि स्थानीय किसानों को अपनी उपज बड़े बाजारों तक भेजने तथा व्यापारिक गतिविधियों को नई गति देने में भी बड़ी मदद मिलेगी।


रेलवे अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग और समन्वय का निर्देश

निरीक्षण के दौरान मौजूद रेलवे अधिकारियों ने जिलाधिकारी को काम की मौजूदा स्थिति और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि सरकार की इस प्राथमिकता वाली योजना को समय पर पूरा करने के लिए सभी विभाग मिलकर काम करें। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्य की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग की जाए ताकि किसी भी समस्या का तुरंत समाधान निकाला जा सके।

विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट