जनता दरबार में डीएम सावन कुमार ने सुनीं लोगों की समस्याएं, दिए त्वरित निष्पादन के निर्देश

डीएम जनता दरबार में उमड़ी भीड़- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : समाहरणालय के लहटन चौधरी सभागार में शुक्रवार को आयोजित जिला जनता दरबार में जिलाधिकारी सावन कुमार ने जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे आम लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 65 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने का स्पष्ट निर्देश दिया।


एक-एक कर सभी आवेदकों से मिले डीएम

जिलाधिकारी ने एक-एक कर सभी आवेदकों से मुलाकात की और उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।


भूमि विवादराजस्व समेत कई सरकारी योजनाएं के आए मामले  

जनता दरबार में भूमि विवाद, राजस्व मामले, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, सड़क, नाली, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, अतिक्रमण और सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रहने से जुड़े कई आवेदन सौंपे गए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को प्रत्येक आवेदन की बारीकी से जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने को कहा।


उन्होंने स्पष्ट किया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का पारदर्शी समाधान करना है। जिन मामलों का निस्तारण स्थानीय स्तर पर संभव है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जाए तथा प्रशासनिक कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी 65 आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और तय समय सीमा के भीतर हरसंभव राहत प्रदान की जाएगी।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट