पार्टी का हर पदाधिकारी और साथी जन सुराज परिवार, दिल से जुड़कर उठाएंगे आवाज: जिलाध्यक्ष
जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के निर्देश पर सुपौल में संगठन विस्तार को लेकर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।बैठक में मौजूद मुख्य अतिथि प्रदेश महासचिव नवल किशोर सिंह ने सुपौल को जन सुराज का 'मॉडल जिला' बनाने का दावा किया....
Supaul : जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के दिशा-निर्देशों के आलोक में संगठन विस्तार और सुदृढ़ीकरण को लेकर रविवार को सुपौल जिला संगठन की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता जन सुराज के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य पिछले एक महीने से चल रहे सांगठनिक कार्यों की समीक्षा करना और जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाना था। इस दौरान जिले के तमाम आला नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बिहार में एक नई राजनीतिक व्यवस्था कायम करने का संकल्प लिया।
पीला गमछा पहनाकर अतिथियों का सम्मान, सुपौल बनेगा जन सुराज का 'मॉडल जिला'
समीक्षा बैठक की शुरुआत मुख्य अतिथियों को पार्टी का पारंपरिक प्रतीक 'पीला गमछा' पहनाकर सम्मानित करने के साथ हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश महासचिव नवल किशोर सिंह, क्षेत्रीय संगठन प्रभारी शशि यादव, कोसी प्रभारी इंद्रदेव साह, महिला संगठन क्षेत्रीय प्रभारी काजल कुमारी, ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष तपेश्वर भारती, मधेपुरा के किसान जिलाध्यक्ष अनिल कुमार और सहरसा के जिलाध्यक्ष अमृत राज शामिल हुए। नेताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव नवल किशोर सिंह ने सुपौल इकाई के कार्यों की जमकर सराहना की और दावा किया कि सुपौल आने वाले समय में पूरे बिहार के लिए जन सुराज का 'मॉडल जिला' साबित होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि जब कोई व्यक्ति दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ता है, तो वही इतिहास लिखता है।
जनसुराजी सोच वाले लोगों का मिला साथ, तैयार हुई जिला और प्रखंड पदाधिकारियों की सूची
संगठनात्मक प्रगति की जानकारी देते हुए जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि एकल पदाधिकारियों के पदभार ग्रहण करने के बाद पिछले एक महीने से प्रखंड स्तर पर सघन अभियान चलाया जा रहा है। जन सुराज की सोच से प्रभावित लोगों और नए कार्यकर्ताओं के घर-घर जाकर उन्हें इस बड़े परिवार से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि प्रखंड स्तर पर व्यापक जनसंपर्क के बाद सर्वसम्मति से जिला और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों की एक अंतिम सूची तैयार कर प्रदेश नेतृत्व को भेज दी गई है। राज्य मुख्यालय से आधिकारिक स्वीकृति मिलते ही विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर पदाधिकारियों के मनोनयन की घोषणा कर दी जाएगी।
महिला नेताओं और युवा विंग ने भरी हुंकार
इस सांगठनिक बैठक को महिला जिलाध्यक्ष अनुराधा कुमारी, मुख्य प्रवक्ता रीति झा, पूर्व महिला जिलाध्यक्ष नीलम सिंह, पिपरा से गायत्री कुमारी, सुपौल बलहा से सबीना खातून, अंजली यादव, सरिता पाठक और वरिष्ठ महिला नेता मीनू कुशवाहा सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। इसके अलावा जिला महामंत्री ब्रजेश यादव और युवा जिलाध्यक्ष मो. मजहर आलम ने युवाओं को पार्टी से जोड़ने पर बल दिया। मौके पर किसान जिलाध्यक्ष महावीर प्रसाद मस्ताना, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मो. दारेन रशीद, जिला सलाहकार मो. दाउद, डॉ. धीरेन्द्र कुंवर, सिद्दीनाथ मिश्रा, संजय यादव, योगेंद्र यादव और अनमोल कुमार भारती सहित सैकड़ों सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित थे।
जुलाई-अगस्त तक पंचायत स्तर पर होगा विस्तार, भ्रष्ट तंत्र पर लगाया जाएगा अंकुश
बैठक के समापन के बाद जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। मीडिया से मुखातिब होते हुए जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि जिला संगठन का नवनिर्माण अब अंतिम चरण में है और आगामी जुलाई-अगस्त तक पार्टी का विस्तार पंचायत स्तर तक कर दिया जाएगा। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि संगठन की मजबूती के बाद जन सुराज सुपौल में भ्रष्टाचार और भ्रष्ट पदाधिकारियों की मनमानी पर पूरी तरह अंकुश लगाने का काम करेगा। उन्होंने मौजूदा सरकारी व्यवस्था की खामियों पर तीखे सवाल खड़े करते हुए कहा कि बिहार में बदलाव की शुरुआत सुपौल जिले से होगी और पार्टी यहां एक पारदर्शी और जन-हितैषी व्यवस्था कायम करेगी।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट