DPS में निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन: विधायक और सिविल सर्जन ने किया उद्घाटन, उमड़ी भारी भीड़
सुपौल जिला मुख्यालय स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल परिसर में गुरुवार को स्कूल प्रबंधन की ओर से एक दिवसीय निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर का भव्य आयोजन किया गया
Supaul : जिला मुख्यालय स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) परिसर में गुरुवार को विद्यालय प्रबंधन की ओर से एक भव्य निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस जन-कल्याणकारी शिविर का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि पिपरा विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक रामविलास कामत, सुपौल के सिविल सर्जन डॉ. बाबू साहब झा, प्रख्यात चिकित्सक डॉ. बिनोद कुमार वर्मा, डॉ. चंदन कुमार एवं विद्यालय के निदेशक डॉ. उदय कुमार कर्ण ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर चिकित्सा जगत के कई वरिष्ठ चेहरे और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विराट मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने किया मरीजों का निःशुल्क इलाज
इस विशाल स्वास्थ्य शिविर में विराट मेडिकल कॉलेज एंड टीचिंग हॉस्पिटल के विभिन्न विभागों से आए देश के प्रतिष्ठित और अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने अपनी सेवाएँ दीं। चिकित्सकों ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों तथा सुपौल और आसपास के ग्रामीण इलाकों से आए सैकड़ों गरीब व जरूरतमंद लोगों का गहन स्वास्थ्य परीक्षण किया। सुबह से ही शिविर में रजिस्ट्रेशन कराने के लिए लोगों की लंबी कतारें देखी गईं। डॉक्टरों ने प्रत्येक मरीज की बीमारी को गंभीरता से सुनकर उन्हें उचित चिकित्सकीय परामर्श और दवाइयाँ दीं।
ईसीजी और अल्ट्रासाउंड सहित आधा दर्जन से अधिक जांचें पूरी तरह मुफ्त
इस मेगा हेल्थ कैंप की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि डॉक्टरों के परामर्श पर मरीजों के लिए आधुनिक जांच सुविधाएँ भी परिसर में ही उपलब्ध कराई गईं। शिविर के भीतर ईसीजी (ECG), यूएसजी (अल्ट्रासाउंड - USG) सहित आधा दर्जन से अधिक प्रकार की जटिल चिकित्सीय जांचें पूरी तरह से निःशुल्क (फ्री) की गईं। निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों की महंगी जांच फीस से बचते हुए आर्थिक रूप से कमजोर और पिछड़े वर्ग के परिवारों को इस व्यवस्था से बहुत बड़ी आर्थिक राहत मिली, जिससे लोगों में भारी उत्साह देखा गया।
स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन, सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल: विधायक
शिविर को संबोधित करते हुए पिपरा विधायक रामविलास कामत ने कहा कि 'पहला सुख निरोगी काया' यानी स्वास्थ्य ही मनुष्य का सबसे बड़ा धन है। उन्होंने डीपीएस स्कूल प्रबंधन की इस मानवीय पहल की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं पहुंचती हैं। वहीं सिविल सर्जन डॉ. बाबू साहब झा ने कहा कि बीमारियों का समय पर पता लगाने के लिए नियमित जांच जरूरी है। विद्यालय के निदेशक डॉ. उदय कुमार कर्ण ने स्पष्ट किया कि स्कूल केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य जैसे सामाजिक सरोकारों के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी निभाता रहेगा।
विद्यालय परिवार और मेडिकल टीम के समन्वय से सफल रहा आयोजन; कई गणमान्य रहे उपस्थित
इस स्वास्थ्य शिविर को सुचारू और सफल बनाने में दिल्ली पब्लिक स्कूल के कर्मियों तथा आई मेडिकल टीम के सदस्यों ने दिन-रात एक कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिविर के दौरान लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और संक्रामक बीमारियों से बचने के लिए जागरूक भी किया गया। इस ऐतिहासिक मौके पर सुबोजीत बनर्जी, सुबोध देवनाथ, गोकुल कृष्णा क्षेत्री, आलोक कर्ण, अंकुश कर्ण, शहनाज बानो, मंदिरा राय, अंशु थापा, संध्या झा, सचिन कुमार, धर्मेन्द्र कुमार, यूसुफ अधिकारी सहित भारी संख्या में अभिभावक, बुद्धिजीवी और छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट