सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय में 'आरुण्य-2026' इंडक्शन प्रोग्राम का भव्य शुभारंभ, नव प्रवेशित छात्रों का हुआ स्वागत

सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय में 'आरुण्य-2026' इंडक्शन प्रोग्राम का भव्य शुभारंभ- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय के सेमिनार हॉल में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए तीन सप्ताहीय स्टूडेंट इंडक्शन-कम-फाउंडेशन प्रोग्राम "आरुण्य-2026" का शुभारंभ हुआ। पहले दिन नए छात्रों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया और उन्हें संस्थान की शैक्षणिक व प्रशासनिक व्यवस्था की जानकारी दी गई। इसके साथ ही बायोमेट्रिक पंजीकरण, नए शैक्षणिक सत्र का आगाज और सेमेस्टर पंजीकरण की प्रक्रिया भी पूरी की गई।


"इंजीनियरिंग केवल डिग्री नहींनवाचार और अनुशासन का आधार है": प्राचार्य डॉ. ए. एन. मिश्रा

कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एन. मिश्रा ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इंजीनियरिंग शिक्षा सिर्फ डिग्री हासिल करना नहीं है, बल्कि यह नवाचार, अनुशासन, तकनीकी उत्कृष्टता और सामाजिक जिम्मेदारी का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, कौशल विकास और महाविद्यालय की सभी शैक्षणिक व सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।


AICTE मानकों के अनुसार तैयार की गई तीन सप्ताह की विस्तृत रूपरेखा

डीन अकादमिक डॉ. चन्दन कुमार ने इंडक्शन कार्यक्रम के उद्देश्य और आगामी तीन सप्ताह के खाके को प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि AICTE मानकों के अनुरूप यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक संस्कृति, अनुसंधान, नवाचार, स्टार्टअप, प्रशिक्षण व प्लेसमेंट, खेलकूद, योग, व्यक्तित्व विकास और नैतिक मूल्यों से अवगत कराएगा।


आगामी सत्रों में एंटी-रैगिंगमानसिक स्वास्थ्य और ई-यंत्र जैसे विषयों पर होंगे विशेष सत्र

महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार, आने वाले तीन सप्ताह में छात्रों के लिए कई महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट, परीक्षा प्रणाली, अनुसंधान, उद्यमिता व स्टार्टअप, मानसिक स्वास्थ्य, एंटी-रैगिंग, पुस्तकालय, तकनीकी क्लब, एनएसएस, ई-यंत्र, उद्योग विशेषज्ञों के व्याख्यान, विभागीय परिचय, एलुमनी संवाद तथा व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियां शामिल रहेंगी।


SIP समिति के नेतृत्व में हुआ आयोजनशिक्षकों व कर्मचारियों की रही मौजूदगी

स्टूडेंट इंडक्शन प्रोग्राम (SIP) समिति के सदस्य डॉ. चन्दन कुमार, मोहर कुमार, अमृता, डॉ. जय कुमार, डॉ. आदित्य कुमार मिश्रा, डॉ. विकास कुमार सिंह, प्रकाश कुमार, सुनील कुमार सुमन एवं डॉ. विजय कुमार मंडल के नेतृत्व में इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर महाविद्यालय के डीन, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नए विद्यार्थी उपस्थित रहे।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट