सुपौल में हाई-वोल्टेज ड्रामा: बेटे संग मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला, प्रशासन के फूले हाथ-पांव

सुपौल जिले के सिमराही नगर पंचायत में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपने 12 वर्षीय बेटे के साथ एक मोबाइल टावर पर चढ़ गईं। पति की दूसरी शादी और थानों से न्याय न मिलने से नाराज महिला डीएम और एसपी को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ी रही..

बेटे संग मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

supaul जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत सिमराही में मंगलवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपने 12 वर्षीय मासूम बेटे के साथ अचानक एक ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला अपने पति द्वारा दूसरी शादी किए जाने और खुद को बेसहारा छोड़ने के खिलाफ न्याय की मांग कर रही थी। उसने साफ चेतावनी दी कि जब तक डीएम और एसपी मौके पर नहीं आते, वह नीचे नहीं उतरेगी। इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


दिल्ली में हुआ था प्रेम विवाह: पति पर दूसरी शादी और प्रताड़ना का आरोप

टावर पर चढ़ी महिला की पहचान मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली गुड्डी देवी के रूप में हुई है। महिला ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई कि करीब 10 वर्ष पहले मोतीपुर निवासी अमरेंद्र ठाकुर ने दिल्ली-गुरुग्राम में उससे प्रेम विवाह किया था। इस शादी से दोनों का एक 12 साल का बेटा भी है। महिला का आरोप है कि कुछ साल साथ रहने के बाद उसके पति ने गुपचुप तरीके से दूसरी शादी कर ली और उसे व उसके बेटे को दर-दर भटकने के लिए छोड़ दिया।


थानों के चक्कर काटकर थक चुकी थी पीड़िता: डीएम-एसपी को बुलाने की जिद पर अड़ी

गुड्डी देवी का कहना है कि इंसाफ पाने के लिए वह पिछले कई महीनों से लगातार थानों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काट रही थी, लेकिन उसकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। व्यवस्था से निराश और आहत होकर उसने अपनी और बच्चे की जान जोखिम में डालकर टावर पर चढ़ने का आत्मघाती कदम उठाया। महिला ने टावर के ऊपर से चिल्लाते हुए कहा कि जब तक जिला पदाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) खुद मौके पर आकर उसे न्याय का लिखित भरोसा नहीं देते, तब तक वह नीचे नहीं आएगी।


मौके पर उमड़ा जनसैलाब: पुलिस ने की इलाके की घेराबंदी

जैसे ही यह खबर सिमराही बाजार और आसपास के गांवों में फैली, मौके पर हजारों ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। टावर के नीचे खड़े लोग सांसें थामकर ऊपर देख रहे थे। भीड़ बढ़ने और अप्रिय स्थिति की आशंका को देखते हुए राघोपुर थाना पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और लोगों को टावर से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की। किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई।


प्रशासनिक अधिकारियों ने संभाला मोर्चा: महिला को नीचे उतारने की कोशिशें जारी

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। अधिकारियों द्वारा लाउडस्पीकर और अन्य माध्यमों से महिला से लगातार बातचीत की जा रही है। उसे समझाने-बुझाने और उसका संशय दूर कर सुरक्षित नीचे उतारने के लिए प्रशासन हर मुमकिन प्रयास कर रहा है। समाचार लिखे जाने तक अधिकारियों और महिला के बीच मान-मनौव्वल का दौर जारी था।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट