सुपौल में दिल दहला देने वाली वारदात : 7 वर्षीय मासूम की कुदाल से काटकर निर्मम हत्या

सुपौल जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 7 वर्षीय बच्ची की कुदाल से काटकर बेरहमी से हत्या की गई है। घटना को पड़ोस के एक युवक द्वारा अंजाम देने की बात सामने आई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल प्याप्त है....

सुपौल में मासूम की निर्मम हत्या- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र के परसरमा वार्ड 8 में एक युवक ने 7 वर्षीय मासूम बच्ची की कुदाल से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान शंभू साह की पुत्री प्रीति कुमारी के रूप में हुई है। घटना उस वक्त घटी जब प्रीति देर रात अपने पिता के पीछे-पीछे हाथ में दूध की बोतल लेकर घर लौट रही थी, तभी घात लगाए पड़ोसी युवक ने उस पर कुदाल से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया। हमले में बच्ची के शरीर के टुकड़े-टुकड़े हो गए और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।


वारदात के बाद भड़का जनआक्रोश, आरोपी के घर को किया आग के हवाले

इस रोंगटे खड़े कर देने वाली हत्या की खबर जैसे ही गांव में फैली, चारों तरफ कोहराम मच गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक, जिसकी पहचान पड़ोसी राजू साह के रूप में हुई है, भागकर अपने घर में छिप गया। उग्र भीड़ ने आरोपी को खदेड़ते हुए उसके घर को घेर लिया और उसमें आग लगा दी। देखते ही देखते आरोपी का घर धू-धू कर जलने लगा, जिससे इलाके में स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई।


भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे अधिकारी, जलते घर से आरोपी गिरफ्तार

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सदर एसडीपीओ राजीव रंजन कई थानों की पुलिस और भारी संख्या में पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सूझबूझ और काफी जद्दोजहद के बाद आक्रोशित भीड़ के चंगुल से और जलते हुए घर से आरोपी राजू साह को सुरक्षित बाहर निकाला और उसे हिरासत में ले लिया। प्रशासन द्वारा उग्र लोगों को समझाने-बुझाने और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद किसी तरह स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका।


FSL की टीम ने जुटाए सबूत, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

तनाव को देखते हुए पूरे गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती कर दी गई है। पुलिस ने मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए तुरंत एफएसएल (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से विधिवत सैम्पल और साक्ष्य कलेक्ट किए हैं। इसके बाद पुलिस ने मृतका प्रीति के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। इस वीभत्स घटना के बाद से मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


एसडीपीओ बोले— आरोपी गिरफ्तार, सख्त कार्रवाई और जांच जारी

मामले की पुष्टि करते हुए सुपौल सदर एसडीपीओ राजीव रंजन ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राजू साह को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और पुलिस घटना के मुख्य कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहनता से जांच कर रही है। दोषी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट