सुपौल में मानवता शर्मसार: सड़क हादसे में घायलों का लोग मदद की जगह बनाते रहे वीडियो, 1 की मौत 2 की हालत गंभीर

सुपौल जिले मे अज्ञात वाहन और ऑटो के बीच हुई भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दर्दनाक हादसे के बाद जहां मानवता को शर्मसार करते हुए राहगीर घायलों की मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाने में मशगूल रहे.

सुपौल में मानवता शर्मसार- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के जदिया थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक तेज रफ्तार अज्ञात चारपहिया वाहन ने सामने से आ रहे एक ऑटो में बेहद जोरदार टक्कर मार दी। यह भीषण टक्कर कुपारी मोड़ के पास हुई। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोग लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। इस हादसे में ऑटो सवार एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतक की पहचान जदिया वार्ड संख्या-15 निवासी विनोद ऋषिदेव के रूप में हुई है, जो ऑटो से अपने साले के घर जा रहे थे।


तड़पते रहे घायल, मदद करने के बजाय मोबाइल में वीडियो रिकॉर्ड करते रहे लोग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद का नजारा बेहद विचलित करने वाला था। दुर्घटना के तुरंत बाद घायल सड़क पर पड़े तड़प रहे थे और चीख-पुकार मची थी। लेकिन, वहां मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों में से कईयों का दिल नहीं पसीजा। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने या उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बजाय लोग अपने मोबाइल फोन निकालकर तड़पते हुए पीड़ितों का वीडियो बनाने और तस्वीरें खींचने में व्यस्त रहे। घटना के बाद टक्कर मारने वाले वाहन का चालक मौके से अपनी गाड़ी लेकर फरार होने में कामयाब रहा।


सरपंच ने दिखाई तत्परता, घायलों को पहुंचाया अस्पताल; समय पर मदद न मिलने का आरोप

मृतक की पत्नी संजू देवी ने रोते हुए आरोप लगाया कि अगर समय रहते लोगों ने उनके पति को अस्पताल पहुंचाया होता और समय पर डॉक्टरी सहायता मिल जाती, तो शायद उनकी जान बच सकती थी। इसी बीच, घटनास्थल से गुजर रहे स्थानीय सरपंच एजाज की नजर सड़क पर तड़प रहे घायलों पर पड़ी। उन्होंने बिना वक्त गंवाए अपनी गाड़ी रुकवाई, घायलों को संभाला और तुरंत जदिया थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सरपंच और कुछ जागरूक स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए त्रिवेणीगंज रेफरल अस्पताल भेजा।


एक की मौत, दूसरे की हालत नाजुक; मधेपुरा किया गया रेफर

त्रिवेणीगंज रेफरल अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने गहन जांच के बाद विनोद ऋषिदेव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल दूसरे व्यक्ति रुदल ऋषिदेव की हालत अत्यंत चिंताजनक बताई गई, जिन्हें बेहतर और उच्चस्तरीय इलाज के लिए डॉक्टरों ने तत्काल मधेपुरा रेफर कर दिया है। तीसरे घायल व्यक्ति का उपचार स्थानीय स्तर पर जारी है। इस अचानक हुई मौत की खबर जैसे ही विनोद के घर पहुंची, पूरे परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है; उन्होंने बताया कि विनोद ही पूरे परिवार में एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे, जिनकी मौत से पूरा परिवार अब बेसहारा हो गया है।


सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस, अज्ञात वाहन चालक की तलाश तेज

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए जदिया के थानाध्यक्ष नंद किशोर नंदन ने बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। थानाध्यक्ष ने कहा कि पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। दुर्घटना को अंजाम देकर भागने वाले अज्ञात वाहन की पहचान और उसके चालक की गिरफ्तारी के लिए कुपारी मोड़ और उसके आसपास के इलाकों में लगे सभी सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और जल्द ही दोषी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट