सुपौल में नशीली दवा की बड़ी खेप बरामद : उत्तराखंड से कूरियर के जरिए मंगाई गई थी प्रतिबंधित कफ सिरप

सुपौल जिले में नशीले पदार्थों और अवैध दवाओं के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक कुरियर कंपनी के गोदाम से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है....

कुरियर कंपनी के गोदाम से प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : नशीले पदार्थों और अवैध दवाओं के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुपौल सदर थाना पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर-4, सुकमारपुर स्थित एक कूरियर गोदाम पर अचानक छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान गोदाम से प्रतिबंधित कफ सिरप की 6 हजार बोतलें बरामद की गईं, जिनकी कुल अनुमानित बाजार कीमत लगभग 11 लाख 16 हजार रुपये आंकी गई है।


उत्तराखंड से कूरियर के जरिए मंगाई गई थी प्रतिबंधित नशीली दवा

पुलिस की शुरुआती जांच और कूरियर संचालक से पूछताछ में इस काले कारोबार का पूरा नेटवर्क उजागर हुआ। बताया जा रहा है कि सुपौल बस स्टैंड के सामने स्थित 'न्यू जय गुरु मेडिकल एजेंसी' के संचालक प्रमोद साह ने कफ सिरप की यह बड़ी खेप उत्तराखंड से मंगवाई थी। इसे सेफ एक्सप्रेस कूरियर सर्विस के जरिए सुपौल पहुंचाया गया था, जहां डिलीवरी से पहले ही पुलिस की सतर्कता के कारण यह बड़ी खेप पकड़ में आ गई।


कूरियर गोदाम से 50 पेटियों में बरामद हुई हजार बोतलें

कूरियर गोदाम में नशीले सिरप की बड़ी खेप उतरने की सटीक सूचना मिलते ही सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत के नेतृत्व में पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम ने सुकमारपुर स्थित गोदाम की घेराबंदी की। तलाशी के दौरान गोदाम में रखी 50 पेटियों से कुल 6,000 बोतलें प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त की गईं। छापेमारी से इलाके के अवैध दवा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।


मेडिकल एजेंसी संचालक हिरासत मेंकूरियर संचालक ने खोले राज

मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 'न्यू जय गुरु मेडिकल एजेंसी' के संचालक प्रमोद साह को तत्काल हिरासत में ले लिया है और उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है। वहीं, सेफ एक्सप्रेस कूरियर के संचालक ओम प्रकाश राय ने पुलिस के समक्ष स्पष्ट किया कि कफ सिरप का यह पूरा कंसाइनमेंट प्रमोद साह के नाम पर ही बुक होकर आया था। पुलिस अब कूरियर बिल्टी और ट्रांसपोर्ट दस्तावेजों की गहराई से जांच कर रही है।


मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारीबैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही पुलिस

सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि जिले को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से अवैध दवाओं के क्रय-विक्रय के खिलाफ लगातार कठोर अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बरामद कफ सिरप के आधार पर केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसके अलावा, उत्तराखंड की सप्लाई चेन से लेकर स्थानीय स्तर पर इसे खपाने वाले अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है, ताकि इस पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जा सके।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट