सुपौल की रेल समस्याओं को लेकर ECR के जीएम से मिले लक्ष्मण झा, नई ट्रेन सेवाओं समेत कई मांगो का सौंपा ज्ञापन
युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा ने मंगलवार को हाजीपुर स्थित पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय में रेल जीएम से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सुपौल जिले और आसपास के क्षेत्रों से जुड़ी वर्षों पुरानी रेल समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की.....
Supaul : युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा ने मंगलवार को हाजीपुर स्थित पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय में रेल महाप्रबंधक (जीएम) से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सुपौल जिले और आसपास के क्षेत्रों से जुड़ी वर्षों पुरानी रेल समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जीएम को एक ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें क्षेत्र के रेलवे स्टेशनों के विकास और नई ट्रेन सेवाओं को शुरू करने की प्रमुख मांगें शामिल थीं।
ओवरब्रिज निर्माण और ट्रेनों के ठहराव पर आश्वासन
लक्ष्मण झा ने बताया कि गढ़ बरूआरी रेलवे स्टेशन पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग पर जीएम ने अत्यंत सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि निर्माण की सभी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं और जल्द ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा, वैशाली एक्सप्रेस और जोगबनी-सहरसा एक्सप्रेस का गढ़ बरूआरी स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने के लिए प्रस्ताव को स्वीकृति हेतु रेलवे बोर्ड के पास भेजने का पूरा भरोसा दिया गया है।
प्लेटफॉर्म की ऊंचाई और नई रात्रिकालीन ट्रेन की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने वीणा एकमा रेलवे स्टेशन हॉल्ट के प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने की भी मांग रखी, जिस पर जीएम ने कहा कि यदि निरीक्षण में प्लेटफॉर्म मानकों से नीचे पाया गया, तो रेलवे बोर्ड को इसका प्रस्ताव भेजा जाएगा। साथ ही, यात्रियों की सुविधा के लिए रात्रिकालीन समय में पटना से सहरसा और सुपौल होते हुए ललितग्राम तक एक नई ट्रेन चलाने की मांग को भी रेलवे बोर्ड को भेजने का आश्वासन मिला है।
हाट बाजार और पूर्विया एक्सप्रेस के विस्तार की अपील
मुलाकात के दौरान महत्वपूर्ण ट्रेनों के रूट विस्तार का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि हाट बाजार एक्सप्रेस का परिचालन सहरसा के बजाय सुपौल या सरायगढ़ से शुरू किया जाए। इसी तरह, पूर्विया एक्सप्रेस का स्थायी परिचालन सुपौल, सरायगढ़ या ललितग्राम से कराने की भी अपील की गई, ताकि क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा और सुलभ लाभ मिल सके।
सुविधाओं से व्यापार और रोजगार को मिलेगा भारी बढ़ावा
लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि सुपौल जिला लंबे समय से रेल सुविधाओं की उपेक्षा का शिकार रहा है और इन मांगों के धरातल पर उतरने से क्षेत्र का रेल संपर्क काफी बेहतर हो जाएगा। इससे व्यापार और रोजगार को काफी बढ़ावा मिलेगा तथा छात्रों, मरीजों और आम यात्रियों की यात्रा आसान हो जाएगी। अब क्षेत्र की जनता को उम्मीद है कि रेलवे बोर्ड स्तर पर जल्द ही इन मांगों पर निर्णय लेकर इन्हें लागू किया जाएगा।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट