Bihar News : सुपौल में कस्तूरबा बालिका छात्रावास के भोजन में मिली छिपकली, 5 छात्राएं हुई बीमार, डीएम ने डीईओ को सौंपी जांच की जिम्मेवारी
Bihar News : बिहार के सुपौल जिला स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास (टाइप-4) में भोजन के दौरान एक गंभीर घटना सामने आई है, जहाँ कढ़ी में छिपकली मिलने से हड़कंप मच गया.....पढ़िए आगे
SUPAUL : जिले के कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास टाइप-4 में भोजन में छिपकली मिलने के बाद बीमार छात्राओं की परेशानी बढ़ गई। शनिवार को एक छात्रा आरती कुमारी की तबीयत अधिक बिगड़ने पर बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल, सुपौल रेफर कर दिया गया। वहीं, चार अन्य छात्राओं का इलाज प्रतापगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में चल रहा है। घटना के बाद छात्रावास की छात्राओं और विद्यालय प्रबंधन के बीच चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर छात्रावास में छात्राएं भोजन कर रही थीं। इसी दौरान कढ़ी में छिपकली मिलने की बात सामने आई। इसके बाद भोजन करने वाली छात्राओं की तबीयत बिगड़ने लगी। कुछ छात्राओं ने उल्टी, पेट दर्द, चक्कर और अन्य परेशानियों की शिकायत की। विद्यालय प्रबंधन ने तत्परता दिखाते हुए बीमार छात्राओं को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
सीएचसी के चिकित्सक डॉ. नूर आलम ने बताया कि भोजन करने के बाद आरती कुमारी समेत अन्य बीमार छात्राओं को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था। जांच के दौरान आरती की तबीयत अधिक खराब पाई गई। इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, सुपौल रेफर कर दिया गया। अन्य चार छात्राओं का सीएचसी में उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, छात्राओं में पेट दर्द, दस्त और चक्कर जैसी शिकायतें सामने आई थीं। सभी का चिकित्सकीय निगरानी में इलाज किया जा रहा है।
घटना को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार ने मामले की जांच के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) को निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने कहा कि जांच प्रतिवेदन मिलने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद छात्रावास में भोजन की गुणवत्ता और छात्राओं को उपलब्ध कराए जाने वाले खाद्य पदार्थों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि भोजन में छिपकली कैसे पहुंची और इस मामले में किस स्तर पर लापरवाही हुई।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट