सुपौल में सड़क पर उतरे महागठबंधन के कार्यकर्ता : PM, गृहमंत्री और CEC का फूंका पुतला
Supaul : जिला मुख्यालय में गुरुवार को इंडिया गठबंधन के देशव्यापी आह्वान पर चुनाव आयोग, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार आक्रोश मार्च निकाला गया और विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान उग्र कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
पूर्व विधायक यदुवंश कुमार यादव ने लगाए गंभीर आरोप
कार्यक्रम में सभा का कुशल संचालन करते हुए पिपरा के पूर्व विधायक यदुवंश कुमार यादव ने केंद्र सरकार, भाजपा और निर्वाचन आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और चुनाव आयुक्त मिलकर देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने और जनादेश को प्रभावित करने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर वोटरों के नाम हटाए गए हैं।
'वोट चोरी के खिलाफ जारी रहेगा आंदोलन'
पूर्व विधायक ने युवाओं से अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आने की अपील करते हुए कहा कि देश, संविधान और लोकतंत्र की मजबूती ही हमारे राष्ट्र की नींव है। उन्होंने रोजगार व विकास के मुद्दों पर केंद्र सरकार की विफलता गिनाते हुए प्रधानमंत्री, गृहमंत्री व मुख्य चुनाव आयुक्त पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की और कहा कि 'वोट चोरी' के खिलाफ यह संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
महागठबंधन के सभी घटक दलों के जिलाध्यक्षों ने भरी हुंकार
सभा को राजद जिलाध्यक्ष संतोष सरदार, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनुपम कुमार, भाकपा माले जिला सचिव जय नारायण यादव और वीआईपी जिलाध्यक्ष बिजेंद्र मुखिया ने भी संबोधित किया। नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का मताधिकार सर्वोच्च है और यदि चुनाव प्रक्रिया पर कोई सवाल उठता है तो चुनाव आयोग व सरकार को जवाब देना ही होगा। विपक्ष जनता के हक की लड़ाई से पीछे नहीं हटेगा।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में मौजूद रहे दिग्गज नेता व कार्यकर्ता
इस विरोध प्रदर्शन एवं आक्रोश मार्च में भूप नारायण यादव, लव यादव, विद्याभूषण कुमार, मंगल यादव, रामसागर पासवान, रामनाथ मंडल, मो. मुस्ताक, सोनी कुमारी, महादेव यादव, लक्ष्मण झा, विनोद कुमार यादव, नीतू सिंह, दिनेश यादव, सुरेंद्र कुमार श्यामल, नीतीश मुखिया, इरफान बिहारी, कल्पना पासवान, प्रो. विजय कुमार यादव, पप्पू कुमार यादव, राजेश यादव, नवनीत यादव, बसंत कुमार, विद्या देवी, जयशंकर आजाद, अरविंद शर्मा, संतोष चौधरी, सायरा खातून, प्रमोद यादव, शत्रुघ्न चौधरी, श्याम यादव, मोहन यादव, अजय कुमार, मो. सगीर आलम, राजेश कुमार और लीलेश कुमार सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट