सुपौल को बड़ी सौगात: 2.46 लाख लाभार्थियों के खाते में पहुंचे 34.27 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री ने DBT से जारी की पेंशन राशि
Supaul : बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत राज्यभर के बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को एक बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यभर के कुल 97,84,035 लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे पेंशन राशि का हस्तांतरण (Direct Benefit Transfer - DBT) किया। इस महा-अभियान के तहत राज्य स्तर पर कुल 14 अरब 23 करोड़ 94 लाख 66 हजार 200 रुपये की भारी-भरकम राशि डिजिटल माध्यम से सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी गई है।
सुपौल के लाभार्थियों को मिले 34.27 करोड़ से अधिक रुपये
इस राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत सुपौल जिले के कुल 2,46,042 लाभार्थियों के बैंक खातों में 34 करोड़ 27 लाख 59 हजार 600 रुपये की पेंशन राशि सफलतापूर्व ट्रांसफर की गई। इसके तहत राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभार्थियों को मई एवं जून 2026 (दो माह) तथा राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के लाभार्थियों को जून 2026 माह की पेंशन राशि का भुगतान किया गया है।
सुपौल में योजनावार लाभार्थियों और राशि का पूरा लेखा-जोखा:
जिले में विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत लाभार्थियों की संख्या और उन्हें हस्तांतरित की गई राशि का विवरण इस प्रकार है:
क्र.सं. | योजना का नाम | कुल लाभार्थी | हस्तांतरित राशि (रुपये में) |
| 1. | मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना | 1,62,227 | 18 करोड़ 55 लाख 65 हजार 200 |
| 2. | इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना | 45,444 | 9 करोड़ 99 लाख 76 हजार 800 |
| 3. | लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना | 10,977 | 1 करोड़ 23 लाख 91 हजार 500 |
| 4. | इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना | 12,483 | 2 करोड़ 74 लाख 62 हजार 600 |
| 5. | बिहार निःशक्तता पेंशन योजना | 14,167 | 1 करोड़ 57 लाख 26 हजार 700 |
| 6. | इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना | 744 | 16 लाख 36 हजार 800 |
कलेक्ट्रेट के लहटन चौधरी सभागार में सीधा प्रसारण, डीएम-डीडीसी रहे मौजूद
इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए जिला मुख्यालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। यहाँ जिलाधिकारी (DM) सावन कुमार और उप विकास आयुक्त (DDC) सारा अशरफ सहित तमाम जिला स्तरीय आला अधिकारियों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण (Live Streaming) देखा गया। इस दौरान सभागार में विभिन्न पेंशन योजनाओं के 100 से अधिक लाभार्थी भी मौजूद रहे, जिनके चेहरों पर खाते में पैसे आने की खुशी साफ देखी जा सकती थी।
लाभार्थियों ने जताया सरकार और जिला प्रशासन का आभार
पेंशन राशि बिना किसी बिचौलिए के, सीधे और समय पर बैंक खाते में आ जाने पर उपस्थित लाभार्थियों ने बेहद खुशी जताई। कई बुजुर्गों और महिलाओं ने कहा कि इस राशि से उन्हें अपनी रोजमर्रा की जरूरतों और दवाओं के खर्च में बड़ी मदद मिलेगी। लाभार्थियों ने इस पारदर्शी व्यवस्था के लिए राज्य सरकार और सुपौल जिला प्रशासन के प्रति अपना आभार व्यक्त किया।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट