सदर अस्पताल में बड़ा हंगामा: 50-60 उपद्रवियों ने डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों से किया दुर्व्यवहार, अस्पताल में तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी

सुपौल जिले के सदर अस्पताल में उपद्रवियों ने जमकर तांडव मचाया है। एक मरीज के परिजनों और उनके साथ आए 50 से 60 अज्ञात लोगों ने डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों से दुर्व्यवहार किया है। पुलिस मौके पर पहुंच मामले की जांच मे जुटी है....

सुपौल सदर अस्पताल में बड़ा हंगामा- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के सदर अस्पताल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ इलाज के दौरान एक मरीज के परिजनों और उनके साथ आए 50 से 60 अज्ञात लोगों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान उग्र भीड़ ने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ अभद्रता व दुर्व्यवहार किया तथा उन्हें जान से मारने की धमकी दी।


पिंकी कुमारी के इलाज के दौरान अचानक भड़के लोग

मिली जानकारी के अनुसार, 18 वर्षीय पिंकी कुमारी को गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल लाया गया था, जहाँ डॉक्टर पवन कुमार द्वारा उसका इलाज किया जा रहा था। इलाज के क्रम में चिकित्सक द्वारा मरीज को दवा दी गई तथा आवश्यक जांच के लिए भेजा गया था। इसी दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे अज्ञात लोगों ने अस्पताल परिसर में पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया।


अस्पताल के उपकरणों और सामानों में भारी तोड़फोड़

आरोप है कि उग्र भीड़ ने न केवल चिकित्सा कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया, बल्कि अस्पताल परिसर में रखे उपकरणों और अन्य सामानों में भी तोड़फोड़ की। इस अचानक हुई हिंसा और उपद्रव से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई, जिससे वहां इलाजरत अन्य मरीजों और उनके परिजनों में भी दहशत का माहौल बन गया।


पुलिस प्रशासन की त्वरित एंट्री, थाने में दिया गया आवेदन

घटना की सूचना मिलते ही तत्काल सुपौल थाना प्रभारी एवं पुलिस उपाधीक्षक को अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी तुरंत अस्पताल पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेते हुए पूरी स्थिति की जानकारी ली। इस गंभीर मामले में अस्पताल प्रबंधन और पीड़ित कर्मियों द्वारा उचित कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर थाने में लिखित आवेदन दिया गया है।


पुलिस बोली- मामले की जांच जारी, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को लिखित आवेदन प्राप्त हो गया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है, और जांच के उपरांत दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट