सुपौल पुलिस की बड़ी कार्रवाई : हथियार के साथ 2 गिरफ्तार, छापेमारी में घर से 45.32 लाख नकद और देसी कट्टा बरामद
Supaul : जिले की भपटियाही थाना पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर एनएच-27 पर बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियारों के जखीरे के साथ दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक हुंडई क्रेटा कार से दो आधुनिक पिस्टल, तीन मैगजीन और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। यही नहीं, पकड़े गए आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ के बाद पुलिस ने एक अन्य आरोपी के घर पर आधी रात को छापेमारी की, जहां से एक देसी कट्टा, कारतूस और 45 लाख 32 हजार 200 रुपये की भारी-भरकम नकदी बरामद की गई है।
NDPS एक्ट के वांछित को पकड़ने के लिए बिछाया गया जाल
एसडीपीओ (SDPO) राजीव रंजन ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 16 जून 2026 को शाम करीब 6:25 बजे भपटियाही पुलिस को सटीक इनपुट मिला था कि भपटियाही थाना कांड संख्या-37/2025 (एनडीपीएस एक्ट) का वांछित और फरार मुख्य अभियुक्त रंजीत कुमार मेहता अपने दो साथियों के साथ क्रेटा कार से राघोपुर की ओर से आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत एक्शन लिया और डोमराही के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (NH-27) पर मजबूत नाकेबंदी कर आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी।
पानी भरे गड्ढे का फायदा उठाकर चालक फरार, दो दबोचे गए
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को राघोपुर की तरफ से एक संदिग्ध क्रेटा कार आती दिखाई दी। सामने भारी पुलिस बल को देखकर कार चालक ने गाड़ी को कुछ दूरी पहले ही रोक दिया और दरवाजा खोलकर भागने लगा। रास्ते में जल-जमाव और गड्ढे में जमा पानी का फायदा उठाकर अंधेरे में चालक भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश जारी है। हालांकि, मुस्तैद पुलिस जवानों ने घेराबंदी कर कार में सवार दो अन्य लोगों को मौके पर ही दबोच लिया।
कार से मिला हथियारों का जखीरा, चेचिस-इंजन नंबर जब्त
पकड़े गए आरोपियों की पहचान रंजीत कुमार मेहता (27 वर्ष, पिता भोला मेहता, निवासी नारायणपुर) और चंदन कुमार (27 वर्ष, पिता बचकेन यादव, निवासी गढ़िया) के रूप में हुई है। जब पुलिस ने क्रेटा कार की विधिवत तलाशी ली, तो उसके भीतर से दो पिस्टल (जिसमें एक डबल मैगजीन सिस्टम वाली), तीन अतिरिक्त मैगजीन, 7.65 एमएम के पांच जिंदा कारतूस और एक मोबाइल बरामद हुआ। पुलिस ने कार को जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत भपटियाही थाना कांड संख्या-164/2026 दर्ज किया है।
दीपक सिंह के घर आधी रात को रेड, मिला नोटों का पहाड़
गिरफ्तार रंजीत और चंदन से कड़ाई से पूछताछ के बाद इस रैकेट के तीसरे साथी दीपक कुमार सिंह का नाम सामने आया। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए 16 और 17 जून की मध्यरात्रि को पिपराखुर्द (वार्ड 3) स्थित दीपक के पैतृक आवास पर धावा बोल दिया। तलाशी के दौरान कमरे से एक देसी कट्टा, एक कारतूस और बैग में छिपाकर रखे गए 45,32,200 रुपये नकद बरामद हुए। इस मामले में पुलिस ने नया केस (कांड संख्या-165/2026) दर्ज कर दीपक के पिता उपेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस बात की गहन तफ्तीश कर रही है कि हथियारों के इस जखीरे और इतनी बड़ी रकम का इस्तेमाल किस बड़ी आपराधिक वारदात या टेरर फंडिंग के लिए किया जाना था।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट