भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई: बाइक की सीट के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा देशी कट्टा और कारतूस बरामद, दो युवक हिरासत में
Supaul : भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा में तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 45वीं वाहिनी ने सुपौल जिले के कुनौली सीमा क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। नाका ड्यूटी के दौरान एसएसबी के जवानों ने एक मोटरसाइकिल की तलाशी लेकर उसके नीचे छिपाई गई एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
इस मामले में मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को हिरासत में लिया गया है, जिनकी पहचान माधव कुमार और दीपक कुमार कामैत के रूप में हुई है। बरामद हथियार और कारतूस के साथ दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कुनौली थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।
नाका ड्यूटी के दौरान हुई जांच, सीट के नीचे से मिला हथियार
प्राप्त विवरण के अनुसार, एसएसबी 45वीं वाहिनी बीरपुर के अंतर्गत सीमा चौकी कुनौली के जवान भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सीमा स्तंभ संख्या 223 के समीप नियमित नाका ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल (संख्या BR-32-BA-2398) पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद जब जवानों ने नियमानुसार मोटरसाइकिल की बारीकी से तलाशी ली, तो गाड़ी की सीट के नीचे चालाकी से छिपाकर रखा गया एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। जवानों ने तुरंत हथियार और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया।
'अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए बल पूरी तरह प्रतिबद्ध' - कमांडेंट गौरव सिंह
इस सफल कार्रवाई के संबंध में 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर के कमांडेंट गौरव सिंह ने कहा कि भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा सुनिश्चित करना और सीमा पार होने वाली किसी भी प्रकार की अवैध व राष्ट्रविरोधी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना बल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीमा क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए एसएसबी के जवान पूरी सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट