नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: खेत से 386 किलो गांजा बरामद, तस्कर फरार

खेत से 386 किलो गांजा बरामद- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा के करीब छापेमारी कर 11 बोरों में छिपाकर रखा गया कुल 386 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई की विस्तृत जानकारी गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में वीरपुर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) सुरेंद्र कुमार ने दी।


एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि खोताहा गांव स्थित एनएच-106 के उत्तर, भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के पास भारी मात्रा में गांजा छिपाया गया है। सूचना के तुरंत सत्यापन के बाद वीरपुर थानाध्यक्ष संजय दास के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन कर मौके पर भेजा गया।


पुलिस टीम ने खोताहा निवासी प्रदीप मटियेत के पटुआ लगे खेत में सघन तलाशी अभियान चलाया, जहां से 11 बोरी में बंद 386 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस टीम के पहुँचने से पहले ही तस्कर मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर थाने लाया और सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। फरार अभियुक्तों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तकनीकी व स्थानीय स्तर पर छापेमारी जारी है।


वीरपुर थानाध्यक्ष संजय दास ने स्पष्ट किया कि सीमा पार से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में पुलिस की गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। इस सफल छापेमारी में थानाध्यक्ष के साथ सब-इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार सिंह, प्रेमचंद पासवान, गृह रक्षक अर्जुन कुमार, महानंद पासवान समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट